स्वास्थ्य इकाइयों के अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर
पीडब्ल्यूडी की निर्धारित दरों के सापेक्ष ई-टेंडर से तय होंगी दरें, तकनीकी पर्यवेक्षण के लिए नामित होंगे अवर अभियंता

अलीगढ़ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह ने बताया कि जिले के जिला स्तरीय चिकित्सालयों एवं अधीनस्थ स्वास्थ्य इकाइयों में अनुरक्षण कार्यों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपादित कराने के लिए ई-टेंडर की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। अनुरक्षण कार्यों की दरें लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्धारित दरों के सापेक्ष तय की जाएंगी।उन्होंने बताया कि महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र के माध्यम से सहायक अभियंता सिविल के रूप में नामित संदीप सक्सेना को अलीगढ़ मंडल के अनुरक्षण कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुरक्षण कार्यों के लिए पीडब्ल्यूडी की निर्धारित दरों के सापेक्ष एल-1 निविदादाता अभी अनुबंधित नहीं है। इसी क्रम में संबंधित कार्यों के लिए ई-टेंडर के माध्यम से दरें निर्धारित कराने की प्रक्रिया की जा रही है।डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया कि निविदा की अनुमानित लागत विगत वर्ष में चिकित्सालयों को आवंटित बजट के आधार पर आकलित की गई है। सभी चिकित्सालय अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार बजट प्राप्त होने के बाद अनुबंधित एल-1 फर्म से कार्य कराएंगे और नियमानुसार अपने स्तर से भुगतान करेंगे।उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, अधीनस्थ स्वास्थ्य इकाइयों एवं जिला स्तरीय चिकित्सालयों के अनुरक्षण कार्यों के आगणन तैयार कराने और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पीडब्ल्यूडी से स्थानीय अवर अभियंता नामित किए जा रहे हैं। ये अवर अभियंता नामित सहायक अभियंता सिविल के पर्यवेक्षण में कार्य करेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अनुरक्षण कार्यों में निर्धारित दरों, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का अनुपालन सुनिश्चित कराना प्राथमिकता है, ताकि स्वास्थ्य इकाइयों में आवश्यक मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य नियमानुसार और प्रभावी ढंग से संपादित हो सकें।



