डीएम-एसएसपी ने जिला कारागार का किया संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी
बंदियों से संवाद कर जाना हाल, स्वास्थ्य एवं उपलब्ध सुविधाओं की ली जानकारी

अलीगढ़ : जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने शुक्रवार को जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की स्थिति एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का भ्रमण कर बंदियों से संवाद किया और उनके रहन-सहन, खानपान एवं अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।दोनों अधिकारियों ने कारागार चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सक एस एच रिजवी ने अवगत कराया कि चिकित्सालय में कुल 25 बंदी उपचार एवं स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें 4 बंदी हाथरस के हैं। अधिकारियों ने बंदियों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। महिला बैरक का निरीक्षण के दौरान महिला कैदियों के साथ रह रहे बच्चों को फल और चाकलेट भी प्रदान किए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक पंकज कुमार सिंह, जेलर विकास कटियार, डिप्टी जेलर सुमरा अंसारी, अली अदनान, अंकित वैसला, निखल श्रीवास्तव उपस्थित रहे।



