खुले सीवर टैंक को तत्काल सुरक्षित कराने और विद्युत तारों को भूमिगत करने का प्रस्ताव तैयार करने के डीएम ने दिए निर्देश
जिलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण

अलीगढ़ : जिलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षा एवं परिसर के रखरखाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर में जगह-जगह उगी झाड़ियों को देखकर उन्होंने प्राचार्य डॉ. राम आशीष को तत्काल झाड़ियों की कटाई कराने और पूरे परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सीवर टैंक खुला पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि खुले सीवर टैंक से किसी भी समय अप्रिय दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर सीवर टैंक को सुरक्षित ढंग से ढकवाने के निर्देश दिए।परिसर भ्रमण के दौरान खुले पड़े विद्युत तारों को देखते हुए जिलाधिकारी ने इनके सुरक्षित प्रबंधन के लिए भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने संबंधी प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिसर में स्वच्छता एवं सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और सभी आवश्यक सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किए जाएं।



