दीपावली पर सुरक्षा, स्वच्छता और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के पुख्ता इंतजाम करें अधिकारी -डीएम
मुख्य बाजारों में होगी फुट पेट्रोलिंग, खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

अलीगढ़ : दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने मंगलवार को कलैक्ट्रेट सभागार में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।
जिला मजिस्ट्रेट ने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख मार्गों एवं बाजारों में पर्याप्त पथ प्रकाश व्यवस्था रखी जाए। विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही विद्युत संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए, ताकि त्योहार के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस अधिकारियों को मुख्य बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित फुट पेट्रोलिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए। आमजन की सुरक्षा, महिलाओं की सुविधा तथा बाजारों में आने-जाने वाले लोगों की सुगमता को विशेष प्राथमिकता दी जाए। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लें और किसी भी समस्या पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के दृष्टिगत मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। मिठाई, खोया, दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए नियमित निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई की जाए। लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच एवं प्रवर्तन की कार्रवाई निष्पक्ष और नियमानुसार होनी चाहिए। किसी भी व्यापारी का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य व्यापारियों में विश्वास कायम रखते हुए आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को त्योहार के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहें, जिससे आवश्यकता पड़ने पर लोगों को तत्काल उपचार मिल सके।बैठक में जिला मजिस्ट्रेट एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से जनपदवासियों से अपील की कि दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन का एकमात्र उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। जनहित को सर्वाेपरि रखते हुए सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें तथा आपसी सद्भाव बनाए रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।इस अवसर पर एडीएम सिटी संगीता देवी, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता, एसपी सिटी आदित्य बंसल, एसपी ग्रामीण, एसपी यातायात प्रवीण कुमार, सीएफओ मुकेश कुमार, सहित सभी एसडीएम, एसीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं थानाध्यक्ष समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



