योगी सरकार का दीपावली गिफ्ट, अलीगढ़ के 3.22 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगा निशुल्क रसोई गैस सिलेंडर
हैबिटेट सेंटर में जिला योजना के लाभार्थियों को बांटे गए प्रतीकात्मक सब्सिडी चेक और रसोई गैस

अलीगढ़: दीपावली के पावन पर्व पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मंगलवार को माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा दीपावली के अवसर पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलेंडर पर सब्सिडी प्रदान किए जाने की घोषणा का सजीव प्रसारण किया गया। इस व्यवस्था के तहत केंद्र सरकार की ओर से 304 रुपये और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 355 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। इस प्रकार कुल 659 रुपये की सब्सिडी मिलने से पात्र लाभार्थियों को दीपावली पर गैस सिलेंडर निःशुल्क उपलब्ध हो सकेगा।जनपद अलीगढ़ में इस योजना के अंतर्गत लगभग 3 लाख 22 हजार लाभार्थी परिवार आच्छादित हैं। जनपद में गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कुल 64 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनमें 30 इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन तथा शेष 34 हिंदुस्तान पेट्रोलियम एवं भारत पेट्रोलियम की हैं। इस व्यवस्था से जनपद के हजारों परिवारों को दीपावली के अवसर पर रसोई गैस की सुविधा के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण हैबिटेट सेंटर, अलीगढ़ में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उपस्थित लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री जी के संबोधन को गंभीरतापूर्वक सुना और सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की विक्रय अधिकारी श्रीमती प्रिया, गैस एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं विभिन्न गैस वितरक उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा जिले के 10 उज्ज्वला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से सब्सिडी के चेक वितरित किए गए। उन्होंने अपने संबोधन में सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण को ढाई सौ से अधिक महिलाओं ने संजीदगी से सुना। कार्यक्रम में आईओसी से विक्रय अधिकारी प्रिय, गैस एसोसिएशन के अध्यक्ष और गैस वितरक मौजूद रहे।
इन महिलाओं को दिया चेक और रसोई गैस
पूनम, मनीषा, उजमा, फरहा, मीरा, सपना, पुष्पा, साधना, अफसाना और समीना।



