विधानसभा निर्वाचन-2027: ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति जागरूकता के लिए 20 नवंबर से शुरू होंगे प्रदर्शन कार्यक्रम
ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों पर मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की दी जाएगी जानकारी, निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने तक संचालित होगा अभियान

अलीगढ़ आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप जिले में ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए 20 नवंबर से विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत जिले में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित कर ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया जाएगा। यह अभियान विधानसभा निर्वाचन-2027 की अधिसूचना जारी होने तक संचालित रहेगा।जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों की स्थापना और जागरूकता कार्यक्रमों के संचालन की कार्यवाही की जा रही है। इसका उद्देश्य मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराना और मतदान प्रक्रिया के प्रति उनकी जानकारी और विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने समस्त रिटर्निंग ऑफिसर, इंचार्ज एवं पर्यवेक्षण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी Manual on Electronic Voting Machine, Edition 9, August 2026 के अध्याय-3 में दिए गए दिशा-निर्देशों का भलीभांति अध्ययन कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवगत कराएं। साथ ही निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों की स्थापना, ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रदर्शन और जागरूकता कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराना स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सहभागी निर्वाचन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को मतदान की प्रक्रिया को समझने और वीवीपैट के महत्व से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

