श्रमिक बहुल क्षेत्रों में विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर लगाए जाएंगे
तालानगरी, औद्योगिक इकाइयों, श्रमिक कॉलोनियों एवं निर्माण स्थलों पर पात्र श्रमिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मिलेगा अवसर

अलीगढ़ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत जिले में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए श्रमिक बहुल क्षेत्रों में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने उप श्रमायुक्त, अलीगढ़ मंडल को नोडल अधिकारी नामित करते हुए तालानगरी औद्योगिक क्षेत्र, औद्योगिक इकाइयों, श्रमिक कॉलोनियों, निर्माण स्थलों एवं ईंट-भट्ठों सहित अन्य श्रमिक बहुल क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।अभियान के तहत प्रवासी श्रमिकों, बेघर व्यक्तियों एवं वंचित वर्गों तक पहुंच बनाकर पात्र लोगों को मतदाता पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाएगा। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के साथ ही आगामी अर्हता तिथियों 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2027 को पात्र होने वाले युवाओं को भी अग्रिम रूप से जागरूक किया जाएगा जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित ईआरओ, एईआरओ एवं बीएलओ के समन्वय से नए मतदाताओं के फार्म-6 और निवास परिवर्तन की स्थिति में फार्म-8 भरवाने में सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधकों, सेवायोजकों एवं श्रमिक संगठनों के सहयोग से शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने शिविरवार प्रगति, पंजीकरण आवेदनों एवं लाभार्थियों का विवरण सुरक्षित रखने और प्रत्येक सोमवार को साप्ताहिक प्रगति आख्या जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र श्रमिक अथवा नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के अवसर से वंचित न रहे।



