लोकतंत्र में भागीदारी का पहला कदम है मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना
21 एवं 22 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैम्प, युवा मतदाता भी बनवाएं अपना पहचान-पत्र

अलीगढ़ : लोकतंत्र की मजबूती केवल मतदान के दिन वोट डालने से नहीं, बल्कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज होने से सुनिश्चित होती है। आपका एक वोट देश और समाज के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में यदि आपकी आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है और अभी तक मतदाता सूची में आपका नाम शामिल नहीं है, तो अब इंतजार करने की जरूरत नहीं है। इसी प्रकार यदि परिवार के किसी सदस्य का नाम मतदाता सूची में छूट गया है अथवा नाम, पता आदि में कोई त्रुटि है, तो उसे भी समय रहते ठीक कराया जा सकता है।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची को अधिक समावेशी, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में 21 नवंबर शनिवार एवं 22 नवंबर रविवार को सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इन दोनों दिनों में बीएलओ प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर उपस्थित रहेंगे।विशेष कैम्प के माध्यम से विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। युवा अपनी जिम्मेदारी समझें और लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण सफर की शुरुआत मतदाता के रूप में पंजीकरण कराकर करें। साथ ही अभिभावक भी अपने परिवार के 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे सदस्यों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है।कैम्प में बीएलओ के पास नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फार्म-7 और नाम एवं पते में संशोधन के लिए फार्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची भी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी, जिससे नागरिक अपने एवं परिवार के सदस्यों के नाम सूची में जांच सकेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां नागरिकों को आवेदन पत्र भरने एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में सहायता प्रदान की जाएगी।कैम्प में आते समय ये दस्तावेज अवश्य लाएंमतदाता सूची में पहली बार नाम शामिल कराने के इच्छुक नागरिक अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां साथ लेकर आएं। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र नंबर उपलब्धहै, तो उसे भी साथ लाएं। इससे आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट बताते हैं कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना प्रत्येक पात्र नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। इसलिए कोई भी पात्र युवा, महिला अथवा नागरिक इस अवसर से वंचित न रहे। अपने नाम की जांच स्वयं करें, परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करें और आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें। याद रखिए, लोकतंत्र तभी सशक्त होगा जब हर पात्र नागरिक मतदाता बनेगा। आपका नाम मतदाता सूची में होगा, तभी आपकी आवाज लोकतंत्र में दर्ज होगी।



