ईवीएम-वीवीपैट को लेकर अब नहीं रहेगा कोई भ्रम, जिले में स्थापित हुए 6 डेमोंस्ट्रेशन सेंटर
कलेक्ट्रेट सहित सभी पांचों तहसीलों में नागरिकों को मिलेगी ईवीएम की कार्यप्रणाली एवं मतदान प्रक्रिया की प्रत्यक्ष जानकारी

अलीगढ़ : भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, विश्वसनीयता एवं जनसामान्य की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में 6 ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से आम नागरिकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने और इनसे जुड़ी शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार की उपस्थिति में समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का शुभारंभ किया गया। जिले में स्थापित छह केंद्रों में एक कलेक्ट्रेट परिसर और एक-एक जिले की पांचों तहसीलों में सबंधित एसडीएम की देखरेख में संचालित किया गया है।
इन डेमोंस्ट्रेशन सेंटरों पर नागरिकों को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के संचालन, मतदान की प्रक्रिया, मशीन में मत दर्ज होने और वीवीपैट के माध्यम से मत की पर्ची प्रदर्शित होने की प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। नागरिक स्वयं मशीनों के माध्यम से डेमोंस्ट्रेशन देखकर यह समझ रहे हैं कि मतदान किस प्रकार संपन्न होता है। ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित उनकी शंकाओं, जिज्ञासाओं एवं भ्रांतियों का प्रशिक्षित कार्मिकों द्वारा समाधान भी किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता का विश्वास सर्वाेपरि है। निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण के प्रति नागरिकों को जागरूक करना और उन्हें सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराना निर्वाचन आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है। ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को मशीनों की कार्यप्रणाली को स्वयं देखकर समझने का अवसर मिल रहा है, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति विश्वास और जागरूकता अधिक सुदृढ़ हो रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटवर्ती कलेक्ट्रेट अथवा तहसील परिसर में स्थापित ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर पर पहुंचकर ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त करें और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।



