खादी एवं माटी कला उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है प्रदर्शनी
20 जिलों के 85 दुकानदारों ने सजाए स्टॉल, 10 दिवसीय खादी ग्रामोद्योग एवं माटी कला प्रदर्शनी का शुभारंभ

अलीगढ़ शिल्प ग्राम में आयोजित 10 दिवसीय खादी ग्रामोद्योग एवं माटी कला प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत प्रशासक विजय सिंह एवं विशिष्ट अतिथि रजनी दिलेर ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में प्रदेश के 20 जनपदों से आए 85 दुकानदारों एवं शिल्पकारों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। प्रदर्शनी में खादी वस्त्रों, पारंपरिक हस्तशिल्प एवं माटी कला से जुड़े उत्पादों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध ग्रामीण कला एवं उद्यमिता की झलक देखने को मिल रही है।
मुख्य अतिथि विजय सिंह ने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने और स्थानीय कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस प्रकार की प्रदर्शनियों से पारंपरिक शिल्पकारों एवं लघु उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करके ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दी जा सकती है।
विशिष्ट अतिथि रजनी दिलेर ने कहा कि खादी एवं माटी कला हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कौशल के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से कारीगरों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही उनकी कला को व्यापक पहचान मिलती है। उन्होंने आमजन से प्रदर्शनी में पहुंचकर स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने तथा कारीगरों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
इससे पूर्व सभी अतिथियों ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। नन्हीं कलाकारों पलक एवं सोनिका ने गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजीदा बेगम ने सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन ममता राजपूत ने किया। प्रदर्शनी में विभिन्न जिलों से आए दुकानदारों एवं शिल्पकारों द्वारा लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। दस दिनों तक चलने वाली यह प्रदर्शनी आमजन को खादी, ग्रामोद्योग एवं माटी कला के विविध उत्पादों को देखने और खरीदने का अवसर प्रदान करेगी। साथ ही स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और पारंपरिक कारीगरों की आजीविका को सशक्त बनाने में भी सहायक होगी।इस अवसर पर सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार, क्षेत्रीय निदेशक इग्नू डा0 अजय वर्धन आचार्य, सर्वोदय खादी आश्रम से आसित, मंत्री खादी संस्थान हर्षित, जनसेवा आश्रम एस0के0 शर्मा, फाइन आर्ट स्कूल से डा0 इन्द्रा अग्रवाल, उड़ान सोसाइटी से डा0 योगेन्द्र सिंह समेत जिला ग्रामोद्योग अधिकारी एटा अशोक सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी कासगंज संदीप कुमार, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी हाथरस दिनेश शर्मा, प्रधान सहायक संतोष कुमार शर्मा एवं अन्य ग्रामोद्योगी उपस्थित रहे।




