अलीगढ़

ईसीआई नेट ऐप और निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से घर बैठे प्राप्त करें मतदाता सेवाओं का लाभ, नए मतदाता बनवाएं पहचान

मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें, पात्र नागरिक समय से कराएं पंजीकरण एवं त्रुटियों का संशोधन

जिला निर्वाचन अधिकारी
अलीगढ़ जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे आगामी निर्वाचन के दृष्टिगत मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम सही विवरण के साथ मतदाता सूची में दर्ज है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का महत्वपूर्ण योगदान है। इसलिए कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा पूर्व में दर्ज नाम किसी कारणवश कट गया है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के साथ ही उसमें दर्ज विवरणों की शुद्धता भी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी मतदाता के नाम, आयु, पता अथवा अन्य विवरण में त्रुटि है तो वह फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन करा सकता है। इसी प्रकार, किसी मृत व्यक्ति, अपात्र व्यक्ति अथवा नियमानुसार विलोपन योग्य नाम के संबंध में फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित सेवाओं को अधिक सुगम एवं सुलभ बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। नागरिक निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाकर अथवा ECINET मोबाइल ऐप डाउनलोड कर घर बैठे मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं। इसके साथ ही नया नाम जुड़वाने, दर्ज विवरणों में संशोधन कराने और अन्य निर्धारित मतदाता सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। जो नागरिक ऑनलाइन आवेदन करने में असुविधा महसूस करते हैं, वे अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि फॉर्म-6 के साथ निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आयु एवं सामान्य निवास से संबंधित मान्य दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं। आयु प्रमाण के लिए जन्म प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, कक्षा 10वीं अथवा 12वीं का प्रमाण पत्र (जिसमें जन्मतिथि अंकित हो), पासपोर्ट सहित निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य दस्तावेज मान्य हैं। वहीं, निवास प्रमाण के लिए आधार कार्ड, बैंक अथवा डाकघर की पासबुक, पासपोर्ट, निर्धारित उपयोगिता बिल एवं अन्य मान्य दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधार संख्या उपलब्ध कराना स्वैच्छिक है और केवल आधार संख्या उपलब्ध न होने के आधार पर आवेदन निरस्त नहीं किया जा सकता। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक स्वयं अपना नाम मतदाता सूची में जांचने के साथ ही अपने परिवार के 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र सदस्यों का नाम भी अवश्य सुनिश्चित करें। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना आवश्यक है। अतः सभी पात्र नागरिक समय से अपना पंजीकरण कराएं और मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में निर्वाचन आयोग तथा जिला प्रशासन का सहयोग करें।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!