अंगदान से किसी जरूरतमंद को मिल सकता है नया जीवन, छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति भी किया जागरूक
विधिक जागरूकता शिविर में अंगदान के महत्व, कानूनी प्रक्रिया, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, पॉक्सो एक्ट एवं निःशुल्क विधिक सहायता की दी गई जानकारी

अलीगढ़ अंगदान महादान है। किसी व्यक्ति के अंगदान का संकल्प मृत्यु के बाद भी कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शुक्रवार को श्री उदय सिंह जैन कन्या इंटर कॉलेज में अंगदान दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष पंकज कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता प्राधिकरण की सचिव श्रीमती साक्षी गर्ग ने की। उन्होंने छात्राओं को अंगदान के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि अंगदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान दिया जा सकता है। उन्होंने अंगदान से संबंधित कानूनी प्रक्रिया एवं आवश्यक पहलुओं की जानकारी देते हुए लोगों से इस पुनीत कार्य के प्रति जागरूक होने और समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
श्रीमती गर्ग ने बाल विवाह को बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षिक विकास में बाधक बताते हुए इसके दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जागरूकता और सहभागिता आवश्यक है।
पैरा लीगल वॉलंटियर सोनम कुमारी ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों, महिलाओं एवं बालिकाओं के मौलिक कानूनी अधिकारों, महिला सशक्तिकरण और साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। साथ ही बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, ताकि आर्थिक अथवा अन्य किसी कारण से कोई भी व्यक्ति न्याय पाने से वंचित न रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने सचिव साक्षी गर्ग सहित उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। शिविर में विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।



