अलीगढ़

सड़क सुरक्षा पखवाड़ा: नियमों का उल्लंघन करने पर 87 वाहनों के विरुद्ध चालान एवं निरुद्ध करने की कार्रवाई

सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई

अलीगढ़। प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार 16 से 30 नवंबर 2026 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को जनपद अलीगढ़ में परिवहन विभाग द्वारा व्यापक चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के पत्र संख्या-1685/तीस-3-2026(1074524) दिनांक 05.11.2026 एवं परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र संख्या-3473स0सु0/2026-16स0सु0/2023 दिनांक 06.11.2026 के क्रम में आयोजित अभियान के दौरान बिना रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप के संचालित वाहनों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई की गई। इसमें ऐसे 04 वाहनों के चालान किए गए। इसके अतिरिक्त हेलमेट के 25, सीटबेल्ट के 07, मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर 04, ड्रंकन ड्राइव के 02, बिना बीमा के 11 तथा बिना एचएसआरपी के 14 चालान किए गए। वहीं एक ओवरलोड मालवाहन एवं कर बकाया वाले 11 वाहनों को निरुद्ध किया गया तथा 08 अन्य वाहनों के चालान किए गए। इस प्रकार कुल 87 वाहनों के विरुद्ध चालान एवं निरुद्ध करने की कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप भी लगवाए गए। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।इसी क्रम में संभागीय परिवहन कार्यालय, अलीगढ़ में ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा, साइकिल रिक्शा, बस एवं टैक्सी चालकों के संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी यूनियन पदाधिकारियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का स्वयं पालन करने तथा अपने संगठन से जुड़े वाहन चालकों को भी नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। उपस्थित पदाधिकारियों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।इसके अतिरिक्त शुक्रवार को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 05 बजे तक संभागीय परिवहन कार्यालय परिसर में परिवहन मेले का आयोजन किया गया। मेले में लंबित कर एवं अन्य बकायों की वसूली तथा शास्ति में छूट का लाभ प्रदान करते हुए बकाया मामलों का निस्तारण किया गया। वाहन स्वामियों, ट्रक, बस, ऑटो रिक्शा, टेंपो एवं ई-रिक्शा यूनियनों के अध्यक्षों, सचिवों तथा वाहन डीलर्स ने मेले में पहुंचकर अपने विभिन्न कार्यों का त्वरित निस्तारण कराया। वाहन डीलर्स एवं स्क्रैप सेंटर संचालकों द्वारा अपने-अपने स्टॉल भी लगाए गए।

परिवहन मेले में लगभग 578 व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया, जबकि 348 लाभार्थियों ने विभिन्न परिवहन सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। मेले के माध्यम से कुल 23.46 लाख रुपये का राजस्व जमा कराया गया।

परिवहन विभाग द्वारा आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में अपना सहयोग प्रदान करें।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!