सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत गलत दिशा में वाहन चलाने एवं रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप न लगे वाहनों के विरुद्ध चलाया गया चेकिंग अभियान
अभियान के दौरान 11 वाहन चालकों के गलत दिशा में वाहन चलाने पर तथा 8 वाहनों के रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप के अभाव में चालान किए गए

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश शासन के पत्र संख्या-1685/तीस-3-2026(1074524) दिनांक 05.11.2026 द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र संख्या-3473स0सु0/2026-16स0सु0/2023 दिनांक 06.11.2026 के अनुपालन में प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 29 नवंबर 2026 को जनपद अलीगढ़ में प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा गलत दिशा में वाहन चलाने वाले तथा मानक के अनुरूप रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप नहीं लगे वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 11 वाहन चालकों के गलत दिशा में वाहन चलाने पर तथा 8 वाहनों के रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप के अभाव में चालान किए गए।इसके अतिरिक्त हेलमेट न पहनने पर 19, सीटबेल्ट का प्रयोग न करने पर 8, बिना बीमा के 10, एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) के 14 तथा कर बकाया के अभियोग में 14 वाहनों के चालान किए गए। वहीं 4 वाहनों को बंद करने की कार्रवाई की गई। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 65 वाहनों के विरुद्ध चालान एवं बंद करने की कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान वाहनों में रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप भी लगाए गए, जिससे रात्रि के समय वाहनों की दृश्यता बढ़ाई जा सके और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट, सीटबेल्ट, वाहन बीमा तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की गई। साथ ही सभी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन करें, गलत दिशा में वाहन न चलाएं तथा स्वयं एवं दूसरों के जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।



