अलीगढ़

लिथियम बैटरी प्लांट के भूमि पूजन से ख्यामई औद्योगिक आस्थान में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति

मैसर्स मैक्स वोल्ट एनर्जी लिमिटेड करेगी 700 करोड़ का निवेश

अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश में नवीन एवं उभरते औद्योगिक क्षेत्रों को बढ़ावा देने की दिशा में जिले ने एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। ख्यामई औद्योगिक आस्थान में बुधवार को मैसर्स मैक्स वोल्ट एनर्जी लिमिटेड द्वारा लिथियम बैटरी निर्माण एवं रिसाइकल इकाई की स्थापना के लिए विधिवत हवन-पूजन के साथ भूमि पूजन किया गया। अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार ने भूमि पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ किया।प्रस्तावित औद्योगिक इकाई लगभग 23524 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में स्थापित की जाएगी। इकाई द्वारा लगभग 700 करोड़ का निवेश किया जाना प्रस्तावित है, जिससे करीब 2500 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। लिथियम बैटरी निर्माण की यह इकाई अलीगढ़ के औद्योगिक परिदृश्य में नई तकनीक एवं उभरती ऊर्जा आवश्यकताओं से जुड़े क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने कहा कि प्रदेश में पारंपरिक औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ डिफेंस, स्पेस और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे नई पीढ़ी के क्षेत्रों में भी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ख्यामई औद्योगिक आस्थान में रिन्यूएबल एनर्जी से संबंधित इस इकाई की स्थापना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र में आधुनिक तकनीक आधारित औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक आस्थान के अन्य भूखंडों पर भी शीघ्रता से नवीन औद्योगिक इकाइयों की स्थापना सुनिश्चित कराई जाए, ताकि उपलब्ध औद्योगिक भूमि का प्रभावी उपयोग हो और अधिक से अधिक निवेश को धरातल पर उतारा जा सके। उन्होंने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि औद्योगिक इकाइयों की स्थापना एवं संचालन में आने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए शासन एवं प्रशासन स्तर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार निवेश को वास्तविक औद्योगिक इकाइयों में परिवर्तित करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के साथ ही नई तकनीक और भविष्य की आवश्यकताओं से जुड़े क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मैसर्स मैक्स बोल्ट एनर्जी लिमिटेड की इस इकाई की स्थापना से ख्यामई औद्योगिक आस्थान में औद्योगिक गतिविधियों को और गति मिलने के साथ ही अलीगढ़ में आधुनिक एवं तकनीक आधारित विनिर्माण क्षेत्र के विस्तार को भी बल मिलने की उम्मीद है। भूमि पूजन के साथ प्रस्तावित निवेश के धरातल पर उतरने की प्रक्रिया को महत्वपूर्ण गति मिली है।
इस अवसर एसडीएम गभाना हरिश्चन्द्र, संयुक्त आयुक्त उद्योग अंजु रानी, उपायुक्त उद्योग एस0पी0 यादव, सहायक आयुक्त उद्योग बृजेश यादव अन्य उद्यमीगण उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!