अलीगढ़

विद्यार्थियों की एक्स पोस्ट का जिलाधिकारी ने लिया संज्ञान

750 मीटर जर्जर मार्ग के निर्माण की दिशा में कार्रवाई तेज

अलीगढ़ :  विद्यार्थियों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से सामने लाई गई सड़क की समस्या का जिलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा संज्ञान लेते हुए तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराया गया। विद्यार्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर मार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए जनहित में समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी, गोंडा के साथ संयुक्त रूप से गोंडा-गोरई रोड से डेटा जलालपुर होते हुए लोहई संपर्क मार्ग, अलीगढ़ सीमा तक, का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण भी मौजूद रहे। निरीक्षण में लगभग 750 मीटर लंबा मार्ग जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पाया गया। जांच के दौरान सामने आया कि ग्राम पंचायत डेटा जलालपुर के मजरा भांगरा निवासी छात्राएं नेहा शर्मा पुत्री अमित कुमार शर्मा एवं मासूम शर्मा पुत्र मुरारी शर्मा इसी मार्ग से होकर मथुरा जनपद के टेटी गांव स्थित बृजवासी एकेडमी सेकेंड्री स्कूल में पढ़ने के लिए आवागमन करती हैं। मार्ग की खराब स्थिति के कारण विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।टीम ने स्थलीय निरीक्षण के उपरांत यह भी स्पष्ट किया कि उक्त मार्ग को जिला पंचायत की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में सम्मिलित किया गया है। कार्ययोजना में यह मार्ग लेपन मार्गों की श्रेणी में क्रम संख्या 13 पर अंकित है। इससे मार्ग के निर्माण की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सोशल मीडिया अथवा किसी अन्य माध्यम से जनहित से जुड़ी समस्या संज्ञान में आने पर उसका गंभीरता से परीक्षण कराते हुए नियमानुसार समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों, ग्रामीणों और आमजन की सुविधाओं से जुड़े मामलों में प्रशासन संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से विद्यार्थियों और ग्रामीणों में सकारात्मक संदेश गया है। सोशल मीडिया के माध्यम से उठाई गई समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्थलीय जांच और समाधान की दिशा में कार्रवाई यह दर्शाती है कि जनहित से जुड़ी शिकायतों पर जिला प्रशासन प्रभावी एवं संवेदनशील तरीके से कार्य कर रहा है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!