
अलीगढ़ : कुक्कुट विकास नीति-2022 के प्रभावी क्रियान्वयन, पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देने और आधुनिक एवं वैज्ञानिक कुक्कुट पालन तकनीकों के प्रति पशुपालकों और उद्यमियों को जागरूक करने के उद्देश्य से 15 सितम्बर को आयुक्त सभागार, अलीगढ़ में मण्डलीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मण्डलायुक्त ओमप्रकाश आर्य करेंगे उक्त जानकारी देते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि कॉन्क्लेव में प्रदेश स्तरीय अधिकारी एवं विशेषज्ञ आधुनिक कुक्कुट पालन, विभागीय योजनाओं, निवेश एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी, साथ ही पोल्ट्री फार्मर्स एवं इच्छुक उद्यमियों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं पर भी चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में अलीगढ़ मण्डल के विभिन्न जिलों से पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पोल्ट्री फार्मर्स एवं उद्यमियों के प्रतिभाग करेंगे।



