नदियों के पुनरोद्धार एवं जल संरक्षण को लेकर डीएम ने दिए सख्त निर्देश
अमृत सरोवर, सार्वजनिक स्थल, अंत्येष्टि स्थल एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर वृक्षारोपण के लिए ठोस कार्य योजना बनाई जाए

अलीगढ़ : जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में जिले के सभी खण्ड विकास अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर नदियों के पुनरोद्धार, जल संरक्षण एवं वृहद वृक्षारोपण अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि भीषण गर्मी और जल संकट से निपटने के लिए सबसे प्रभावी उपाय प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और वृहद पौधरोपण है। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल संरक्षण एवं नदियों के पुनर्जीवन को जनभागीदारी से जोड़कर एक जन आंदोलन का स्वरूप दें उन्होंने कहा कि जुलाई माह में प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारी अभी से प्रारंभ की जाए। सभी बीडीओ समय से वन विभाग को पौधों की खरीद के लिए इंडेंट उपलब्ध कराएं। नदियों के किनारे उगी झाड़ियों और अवरुद्ध सहयोगी नालों की सफाई कर निर्बाध जल प्रवाह सुनिश्चित किया जाए। तालाबों को पुनर्जीवित कर जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जाए। मियांवाकी पद्धति से वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन कर लिया जाए। अमृत सरोवर, सार्वजनिक स्थल, अंत्येष्टि स्थल एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर वृक्षारोपण के लिए ठोस कार्य योजना बनाई जाएजिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्य केवल औपचारिकता न होकर पर्यावरणीय सुधार की दिशा में एक ठोस प्रयास होना चाहिए। जनसहभागिता और विभागीय समन्वय से ही यह लक्ष्य पूर्ण रूप से सफल हो सकेगा। सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मनरेगा में आधिकाधिक मानव दिवसों का सृजन करें । इस संबंध में सभी एडीओ पंचायत को भी लीडरशिप लेने के निर्देश दिए गए।



