अलीगढ़

ओलंपिक मानकों पर निर्मित 50 मीटर रायफल व 25 मीटर पिस्टल रेंज का डीएम ने किया उद्घाटन

शूटिंग रेंज चन्दौखा में एक साथ 14 निशानेबाज़ कर सकेंगे अभ्यास, प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का मंच

अलीगढ़: जिले में खेल अधोसंरचना को नई मजबूती देते हुए जिलाधिकारी संजीव रंजन द्वारा शूटिंग रेंज चन्दौखा में अत्याधुनिक 50 मीटर रायफल एवं 25 मीटर पिस्टल शूटिंग रेंज का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह रेंज अंतर्राष्ट्रीय एवं ओलंपिक मानकों के अनुरूप निर्मित की गई है, जिससे जिले के उभरते और अनुभवी निशानेबाज़ों को अब अभ्यास के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।इस आधुनिक शूटिंग रेंज की विशेषता यह है कि यहां एक साथ 7 पिस्टल एवं 7 रायफल निशानेबाज़ सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से अभ्यास कर सकेंगे। रेंज में सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों, टारगेट सिस्टम एवं प्रशिक्षण सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय अभ्यास का वातावरण मिल सके।

उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी संजीव रंजन के साथ अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) भी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी अधिकारियों ने स्वयं रायफल एवं पिस्टल से निशाना साधकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और रेंज की गुणवत्ता की सराहना की। इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी अलीगढ़-2026 के तत्वावधान में इसी शूटिंग रेंज पर शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव मिलेगा और चयनित खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।जिलाधिकारी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, एकाग्रता और आत्मविश्वास का सशक्त आधार है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया जाए। शूटिंग खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ओलंपिक स्तर की इस रेंज से अलीगढ़ के युवा निशानेबाज़ों को नई पहचान मिलेगी और जिले का नाम खेल मानचित्र पर और अधिक मजबूती से उभरेगा।इस अवसर पर सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार, कोच शूटिंग रेंज नरेंद्र मोहन सक्सेना, दिनेश प्रताप सोलंकी, मनोज कुमार शर्मा, विनय कुमार, नैन्सी सक्सेना और आतिफ मोहसिन रिज़वी उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!