शक्ति नगर में उफन रहीं नालियां, डेंगू-चिकनगुनिया का खतरा
सिल्ट और कूड़े से अटी नालियों की सफाई न होने से लोगों में रोष, संचारी रोग अभियान पर उठे सवाल । वार्ड 6

अलीगढ़। वार्ड 69 के शक्ति नगर मोहल्ले में नालियों की सफाई व्यवस्था बदहाल होने से स्थानीय लोगों को जलभराव और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ले की कई नालियां सिल्ट और कूड़े से अटी पड़ी हैं तथा पानी निकासी बाधित होने के कारण नालियां उफन रही हैं। गंदे पानी और जमा कूड़े के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू और चिकनगुनिया जैसे संचारी रोगों के फैलने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। कई स्थानों पर गंदा पानी नालियों से बाहर निकलने की स्थिति में है। लोगों ने नगर निगम से तत्काल नालियों की सिल्ट और कूड़ा हटवाने के साथ-साथ एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराने की मांग की है।
वहीं, जिले में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाए जाने के बावजूद वार्ड 69 के शक्ति नगर में जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि सीडीओ योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन में संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर नियमित रूप से बैठकों में दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। शासन की ओर से भी जलभराव रोकने, गंदा पानी एकत्रित न होने देने तथा मच्छरों के लार्वा को समाप्त करने के लिए एंटी लार्वा दवा के छिड़काव के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षद से मांग की है कि शक्ति नगर की नालियों की तत्काल सफाई कराकर जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए तथा प्रभावित स्थानों पर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जाए, ताकि बारिश के मौसम में संचारी रोगों के खतरे को रोका जा सके।



