अलीगढ़

स्मार्ट सिटी के पीए सिस्टम को शीघ्र पूर्ण रूप से सक्रिय करने की कवायद तेज

अस्थायी तकनीकी कारणों से प्रभावित चौराहों पर जल्द बहाल होगी जन संबोधन व्यवस्था

अलीगढ़ : शहर में कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत स्थापित जन संबोधन सिस्टम को लेकर प्रशासन एवं कार्यदायी संस्था पूरी तरह सतर्क है। कुछ संवेदनशील चौराहों पर पीए सिस्टम के अस्थायी रूप से प्रभावित होने के कारणों की गहन समीक्षा कर त्वरित सुधारात्मक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।उप महाप्रबंधक स्मार्ट सिटी के अनुसार क्वार्सी चौराहा एवं एटा चुंगी चौराहे पर सेतु निगम द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य के चलते पीए सिस्टम को अस्थायी रूप से बंद किया गया है, जिन्हें कार्य पूर्ण होते ही शीघ्र पुनः चालू करा दिया जाएगा। वहीं, केला नगर, अचलताल, तुर्कमानगेट, गिलहराज मंदिर, कुंजीलाल तिराहा एवं शमशाद मार्केट क्षेत्रों में केबल कट होने के कारण उत्पन्न तकनीकी बाधाओं को दूर करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बारहद्वारी, रामलीला मैदान, जकरीया मार्केट, दीवानी कचहरी, दुबे का पड़ाव, दोदपुर एवं मसूदाबाद सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पीए सिस्टम पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हैं और वहां से लगातार जनहित में आवश्यक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के तकनीकी अधिकारियों का कहना है कि जन सुरक्षा, त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था एवं यातायात नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए पीए सिस्टम की विश्वसनीयता सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी शेष स्थानों पर भी बहुत जल्द व्यवस्था पूरी तरह बहाल कर ली जाएगी, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!