
कोटेदारों का लाभांश 90 से बढ़कर हुआ 125 रुपए जिले में प्रतिमाह 1 लाख 20 हजार कुंतल हो रहा मुफ्त राशन वितरण
मा0 जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में कल्याण सिंह हेबीटेट सेंटर सहित सभी तहसीलों में हुआ सजीव प्रसारण
अलीगढ़ लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सोमवार को कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर सहित सभी तहसील मुख्यालयों पर भी सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया। तहसील इगलास में मा0 विधायक श्री राजकुमार सहयोगी, गभाना में मा0 विधायक ठा0 श्री जयवीर सिंह, अकराबाद में मा0 विधायक ठा0 रवेन्द्र पाल सिंह, अतरौली में ब्लॉक प्रमुख केहरी सिंह, एवं खैर में जिलाध्यक्ष श्री कृष्णपाल सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने बटन दबाकर प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं के बढ़े हुए लाभांश की धनराशि उनके खातों में भेजी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है और इस व्यवस्था को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उचित दर विक्रेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस दौरान मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी के अन्तर्गत ई-पॉश आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्व में उचित दर विक्रेताओं के प्रति लोगों की धारणा अच्छी नहीं थी, जबकि इसमें अधिकांश मामलों में उनकी भूमिका नहीं होती थी। सरकार ने वर्ष 2017 के बाद सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए ई-पॉस मशीनों की व्यवस्था की और एफसीआई के गोदाम से उचित दर दुकानों तक सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी लागू की। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई और राशन वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनी। परिणामस्वरूप उचित दर विक्रेताओं के प्रति लोगों का विश्वास और सम्मान भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 रूपये से बढ़ाकर 125 रूपये प्रति कुंतल किया गया है। इस वृद्धि से प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को लाभ मिलेगा तथा इसके लिए राज्य सरकार द्वारा रुपया 336 करोड़ का अतिरिक्त वार्षिक बजट उपलब्ध कराया जाएगा। मा0 मुख्यमंत्री जी ने बताया कि 100 कुंतल राशन वितरण पर अब उचित दर विक्रेता को रुपया 16,250 का लाभांश प्राप्त होगा। साथ ही, भारत सरकार से लाभांश में 25 रूपये प्रति कुंतल की वृद्धि के लिए भी अनुरोध किया गया है।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उचित दर दुकानों को अब केवल राशन वितरण तक सीमित न रखकर ‘अन्नपूर्णा भवन’ एवं ’’जन पोषण केंद्र’’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए इस वर्ष 500 करोड़ रूपये की व्यवस्था की गई है। अन्नपूर्णा भवनों में गोदाम की सुविधा भी विकसित की जाएगी। उचित दर विक्रेताओं को राशन के अतिरिक्त 39 मानक वस्तुओं की बिक्री की अनुमति दी गई है। नशीले पदार्थों एवं फायर सेफ्टी से संबंधित वस्तुओं को छोड़कर अनुमन्य वस्तुओं की बिक्री से उचित दर विक्रेताओं की आय में अतिरिक्त वृद्धि हो सकेगी। इससे वे राशन वितरण के बाद शेष दिनों में अन्य वस्तुओं की बिक्री कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे। मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ऑनलाइन एवं डिजिटल व्यवस्था के कारण उचित दर विक्रेताओं को मैनुअल रिकॉर्ड रखने की बाध्यता से राहत मिली है। राशन कार्ड विभाजन, यूनिट स्थानांतरण, यूनिट निरस्तीकरण, राशन कार्ड स्थानांतरण एवं समर्पण जैसी विभिन्न सेवाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली के शुभारंभ से वितरण व्यवस्था में संवाद, पारदर्शिता और जवाबदेही और मजबूत होगी। सीएम ने बताया कि प्रदेश में अब तक 10 हजार राशन दुकानों को अन्नपूर्णा भवन के रूप में विकसित किया जा चुका है और इस अभियान को और तेजी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न उचित दर विक्रेता संगठनों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री जी को लाभांश में वृद्धि एवं अन्य सुविधाएं प्रदान किए जाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों जनप्रतिनिधियों एवं उचित दर विक्रेताओं का आभार एवं धन्यवाद प्रकट करते हुए बताया कि जिले में 1,324 उचित दर विक्रेता कार्यरत हैं। लाभांश वृद्धि, अन्नपूर्णा भवन एवं नई डिजिटल व्यवस्थाओं का लाभ जिले के सभी उचित दर विक्रेताओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुगम एवं प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह ने कहा कि जिले में प्रतिमाह 1,20,000 कुंतल राशन वितरित होता है। अभी तक उचित दर विक्रेताओं के खाते में प्रतिमाह 90 लाख से अधिक का भुगतान किया जाता था, जो आज के बाद अगले माह एक करोड़ 30 लाख से अधिक का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में 6 लाख 82 हजार राशन कार्ड है। जिसमें से 24596 अन्त्योदय राशन कार्ड धारक हैं। जिले में कोई गरीब राशन से अछूता नहीं है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 70 अन्नपूर्णा भवनों में से 42 पूर्ण हो चुके हैं जबकि 28 निर्माणाधीन हैं। इसी प्रकार 2026-27 के लिए 225 अन्नपूर्णा भवनों का चिन्हींकरण किया गया है।
मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह ने कहा कि एक इंतज़ार के बाद उचित दर विक्रेताओं की मांग पूरी हुई है। पहले राशन की ही शिकायतें आती थीं, अब पारदर्शी व्यवस्था के तहत पूरा राशन पात्रों को मिल रहा है। महिलाओं बधाई देते हुए कहा कि उन्हें राशन के साथ गैस भी निःशुल्क मिल रही है।पहले की सरकार में महिलाएं, बेटियाँ व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। अब कोई डर भय नहीं हैं। बेटियाँ स्कूल जा रही हैं, व्यापारी व्यापार कर शाम को बिना किसी डर भय के घर वापस आ रहा है।
मा0 एमएलसी प्रो0 तारिक मंसूर ने कोविड काल में राशन वितरण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि गरीबों को इस योजना का सर्वाधिक लाभ मिल रहा है। मा0 विधायक कोल श्री अनिल पाराशर ने कहा कि रुपया 70 से 90 और रुपया 90 से 125 रुपए की बढ़ोतरी काफी सम्मानजनक है। यदि केंद्र सरकार ने प्रदेश का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया तो उचित दर विक्रेता को 150 रुपए मिलेंगे। मा0 महापौर श्री प्रशांत सिंघल ने कहा कि कोटेदार सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, आप के सहयोग से घरों की रसोई से शुरू होकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को जनजन तक पहुंचा रहे हैं।
कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष कोटेदार संगठन ललित कुमार एवं विजय विक्रम ने सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत व सम्मान किया। इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी के के राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।
—-



