गाँधीपार्क बस स्टेशन जल्द ही ई-बस संचालन का प्रमुख केंद्र बनेगा
गाँधीपार्क बस स्टेशन पर ई-बस चार्जिंग स्टेशन होगा जल्द तैयार

अलीगढ़: शहर में पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। ई-बसों के चार्जिंग एवं मेन्टीनेंस के लिए गाँधीपार्क बस स्टेशन को चयनित किया गया है, जहाँ आवश्यक आधारभूत संरचना तेजी से विकसित की जा रही है।गाँधीपार्क बस स्टेशन परिसर में चाहरदीवारी सहित अन्य सिविल कार्य प्रगति पर हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम सत्येंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि 1500 किलोवाट के विद्युत संयोजन के लिए 1 करोड़ 50 लाख 58 हजार 38 रुपये की धनराशि अधिशासी अभियंता, विद्युत नगरीय खण्ड-द्वितीय, लाल डिग्गी के पक्ष में जमा कराई जा चुकी है। विद्युत विभाग द्वारा संयोजन कार्य तीन माह में पूर्ण कराए जाने का आश्वासन भी दिया गया है, जिस पर कार्य गतिशील है।क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम एस.के. वर्मा ने बताया कि जैसे ही विद्युत संयोजन और सिविल कार्य पूर्ण हो जाएंगे, वैसे ही गाँधीपार्क बस स्टेशन पर ई-बसों के चार्जिंग एवं मेन्टीनेंस से संबंधित सभी कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।उन्होंने कहा कि ई-बस सेवा के संचालन से न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और आधुनिक परिवहन सुविधा भी उपलब्ध होगी। यह पहल सरकार की स्वच्छ ऊर्जा और जनहितैषी परिवहन नीति को मजबूती प्रदान करती है। जल्द ही गाँधीपार्क बस स्टेशन ई-बस संचालन का प्रमुख केंद्र बनकर अलीगढ़वासियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ेगा।



