अलीगढ़

आईएमए अलीगढ़ एवं आईएमए एएमएस अलीगढ़ ने अमेरिकन ऑन्कोलॉजी इंस्टीट्यूट,

अलीगढ़ के सहयोग से आयोजित की सतत चिकित्सा शिक्षा गोष्ठी

अलीगढ़,  इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) अलीगढ़ एवं आईएमए एकेडमी ऑफ मेडिकल स्पेशलिटीज (एएमएस), अलीगढ़ द्वारा अमेरिकन ऑन्कोलॉजी इंस्टीट्यूट, अलीगढ़ के सहयोग से होटल फॉर्च्यून पार्क में कैंसर की रोकथाम एवं उसके उपचार में हुई नवीन प्रगति पर सतत चिकित्सा शिक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के प्रथम वैज्ञानिक सत्र में अमेरिकन ऑन्कोलॉजी इंस्टीट्यूट के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. वसीम एजाज किताब ने “कैंसर की रोकथाम में जीवनशैली में बदलाव का महत्व” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि तंबाकू एवं शराब से दूरी, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, शरीर का उचित वजन बनाए रखना तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना अनेक प्रकार के कैंसर के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकता है।उन्होंने कहा कि कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। शरीर में कोई असामान्य गांठ, लगातार वजन घटना, लंबे समय तक खांसी, असामान्य रक्तस्राव, न भरने वाला घाव अथवा शरीर में कोई अन्य असामान्य परिवर्तन दिखाई देने पर शीघ्र चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। इस सत्र की अध्यक्षता डॉ. अवधेश भारद्वाज एवं डॉ. शहबाज हबीब फरीदी ने की।दूसरे वैज्ञानिक सत्र में विकिरण कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. फर्रुख अनवर ने “विकिरण द्वारा कैंसर उपचार में नवीन प्रगति” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीकों की सहायता से कैंसरग्रस्त भाग को अधिक सटीकता से लक्षित किया जा सकता है। इससे आसपास के स्वस्थ ऊतकों पर विकिरण का प्रभाव कम करने, उपचार को अधिक प्रभावी बनाने तथा दुष्प्रभावों को नियंत्रित करने में सहायता मिलती है।उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक रोगी की बीमारी की अवस्था, कैंसर के प्रकार और शरीर के प्रभावित हिस्से के अनुसार व्यक्तिगत उपचार योजना तैयार की जाती है। इससे रोगी को सुरक्षित, सटीक और बेहतर परिणाम देने वाला उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है। इस सत्र की अध्यक्षता डॉ. अंजुला भार्गव एवं डॉ. मीनाक्षी सूद ने की।आईएमए अलीगढ़ के अध्यक्ष डॉ. भरत कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि कैंसर के विरुद्ध लड़ाई केवल उपचार तक सीमित नहीं है। लोगों को कैंसर के जोखिम कारकों, प्रारंभिक लक्षणों और समय पर जांच के महत्व के प्रति जागरूक करना भी अत्यंत आवश्यक है। नियमित जांच एवं प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने से कई प्रकार के कैंसर का सफल उपचार संभव है। आईएमए अलीगढ़ चिकित्सकों को नवीनतम चिकित्सा जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।आईएमए अलीगढ़ के मानद सचिव डॉ. अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि कैंसर की जांच एवं उपचार की तकनीकें तेजी से विकसित हो रही हैं। ऐसी वैज्ञानिक गोष्ठियों से चिकित्सकों को नवीन जांच और उपचार पद्धतियों की जानकारी प्राप्त होती है। इसका प्रत्यक्ष लाभ रोगियों को आधुनिक, प्रमाण-आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार के रूप में मिलता है।आईएमए एएमएस अलीगढ़ के अध्यक्ष डॉ. विपिन गुप्ता ने कहा कि विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों के बीच वैज्ञानिक संवाद कैंसर के समन्वित एवं बहुविषयक उपचार को अधिक प्रभावी बनाता है। कैंसर के बेहतर उपचार के लिए कैंसर रोग विशेषज्ञ, शल्य चिकित्सक, विकिरण विशेषज्ञ, रोग-विज्ञानी और अन्य चिकित्सकों के बीच उचित समन्वय आवश्यक है।वैज्ञानिक सत्रों के बाद आयोजित प्रश्नोत्तर कार्यक्रम में चिकित्सकों ने कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक पहचान तथा आधुनिक उपचार तकनीकों से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ वक्ताओं ने विस्तार से उत्तर दिया।कार्यक्रम के अंत में आईएमए अलीगढ़ के वित्त सचिव डॉ. मयूर मणि ने अतिथि वक्ताओं, सत्र अध्यक्षों, अमेरिकन ऑन्कोलॉजी इंस्टीट्यूट तथा उपस्थित चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सहभागिता की।

इस दौरान डॉ. भरत कुमार वार्ष्णेय, डॉ. विपिन गुप्ता, डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, , डॉ. मयूर मणि, डॉ. सुवेक वार्ष्णेय, डॉ राकेश भार्गव,डॉ अंजुला भार्गव, डॉ रवि सूद, डॉ मीनाक्षी सूद, डॉ मयंक मणि, डॉ अवधेश भारद्वाज, डॉ शहबाज फरीदी, डॉ. अनुराग गुप्ता,डॉ. मौसम गुप्ता, डॉ. सुनील गुप्ता, डॉ. सैयद जिया उर रहमान, डॉ केशव गुप्ता, डॉ. जी के सिंह, डॉ दिनेश गुप्ता, डॉ मनीष कुमार , डॉ. सौरभ वार्ष्णेय, डॉ मनोज वार्ष्णेय , डॉ नरेश पाल सिंह, डॉ. अनूप कुमार, डॉ. नेहा त्यागी, डॉ. जॉली वार्ष्णेय, डॉ सूंबल खान, डॉ तौकीर खान, डॉ. लखन प्रकाश, विश्व स्वास्थ्य संगठन से डॉ. अरविंद तथा आईएमए एमएसएन के सदस्यों सहित कुल 95 सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में अमेरिकन ऑनकोलॉजी इंस्टीट्यूट के जितेंद्र ठाकुर एवं अमित सिंह ने सभी उपस्थित चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!