सामाजिक समावेशन मिले- कमलाकांत पाण्डे यसक्षम प्रांत प्रशिक्षण वर्ग में 12 जिलों के कार्यकर्ता पहुंचे केशव सेवाधाम
अलीगढ़। दिव्यांगजनों के समग्र विकास, सशक्तीकरण एवं सेवा के लिए समर्पित राष्ट्रीय संगठन सक्षम द्वारा रविवार को केशव सेवाधाम, मथुरा रोड,

अलीगढ़। दिव्यांगजनों के समग्र विकास, सशक्तीकरण एवं सेवा के लिए समर्पित राष्ट्रीय संगठन सक्षम द्वारा रविवार को केशव सेवाधाम, मथुरा रोड, अलीगढ़ में कार्यकर्ता प्रांत प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यपद्धति, दायित्वबोध तथा दिव्यांगजन सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए प्रशिक्षित एवं मार्गदर्शित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान दिव्यांगजनों की शिक्षा, रोजगार, पुनर्वास, सामाजिक समावेशन, अधिकारों तथा आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण वर्ग के महत्वपूर्ण सत्र की अध्यक्षता डॉ. रामकृष्ण पाण्डेय, सहायक आचार्य धर्म समाज महाविद्यालय ने की। उन्होंने अपने जीवन एवं कार्यानुभवों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कार्यकर्ताओं को दिव्यांगजन सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सेवा कार्य केवल योजनाओं और कार्यक्रमों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता को स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा की भावना पहुँचानी चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवेदनशीलता, आत्मीयता, निरंतरता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उनके प्रेरणादायी संबोधन एवं व्यक्तिगत उदाहरणों ने प्रशिक्षण में उपस्थित कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
भविष्य की कार्ययोजना पर हुआ मंथन
संगठन मंत्री प्रदीप मैया व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमलाकांत पाण्डेय (केंद्र नागपुर) ने कार्यकर्ताओं को सेवा, संगठन एवं समर्पण की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास और निरंतर सेवा गतिविधियों की आवश्यकता है।
प्रांत अध्यक्ष मनोज जसावत ने ब्रज प्रांत में आगामी सेवा एवं संगठनात्मक गतिविधियों की कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए सभी जिलों के कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं की पहचान कर उनके अनुरूप सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाना आवश्यक है। डॉ. आशुतोष तिवारी, सहायक आचार्य, डी.एस. कॉलेज, अलीगढ़ ने दिव्यांगजन शिक्षा एवं समावेशी शिक्षा के संदर्भ में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विचार व्यक्त करते हुए शिक्षा, तकनीक, कौशल विकास एवं सामाजिक सहभागिता को दिव्यांगजन सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम में सहज प्रयास फाउंडेशन के सदस्यों ने भी सहभागिता की तथा दिव्यांगजन सेवा के क्षेत्र में भविष्य में किए जाने वाले संयुक्त प्रयासों पर विचार-विमर्श किया।
प्रशिक्षण वर्ग में सक्षम ब्रज प्रांत के 12 जिलों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। सक्षम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमलाकांत पाण्डेय, ब्रज प्रांत अध्यक्ष मनोज जसावत, ललित मोहन कुलश्रेष्ठ, डॉ. रामकृष्ण पाण्डेय, सहायक आचार्य, प्रो. आई.सी. गुप्ता, डॉ. आशुतोष तिवारी, सहायक आचार्य, डी.एस. कॉलेज, अलीगढ़, डॉ. जितेंद्र कुमार शर्मा, जिला अध्यक्ष, श्री प्रदीप कुमार शर्मा तथा सहज प्रयास फाउंडेशन के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



