जमीन के बंटवारे के मामले में 30 हजार रुपये रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार
मामले में कानूनगो के खिलाफ लोधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई

अलीगढ़। जमीन के बंटवारे से जुड़े एक मामले में एंटी करप्शन टीम ने खैर तहसील में तैनात कानूनगो राकेश कुमार गुप्ता को 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ने की कार्रवाई की। टीम ने बुधवार शाम शिकायत के आधार पर जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।मामले में कानूनगो के खिलाफ लोधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कार्रवाई की सूचना मिलने पर कानूनगो के कुछ समर्थक तहसील परिसर में पहुंच गए और विरोध जताने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया।एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक देवेंद्र सिंह के अनुसार, क्षेत्र के एक व्यक्ति ने 20 सितंबर को जिलाधिकारी से कानूनगो राकेश कुमार गुप्ता के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि जमीन के बंटवारे से संबंधित मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाने के लिए कानूनगो उससे 30 हजार रुपये की मांग कर रहा था। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और बुधवार शाम कार्रवाई की।



