हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में देशभक्ति से ओतप्रोत गतिविधियाँ संपन्न
भारत के नक्शे, इंडिया गेट की आकृतियां, तिरंगा झूमर, ग्लोबल पोस्टर आदि का अत्यंत आकर्षक निर्माण किया

अलीगढ़: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के प्रथम चरण (2 से 8 अगस्त) के अंतर्गत अलीगढ़ जनपद के विभिन्न विद्यालयों में देशभक्ति की भावना से सराबोर विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, विजय विद्यालय इंटर कॉलेज एवं गांधी इंटर कॉलेज में तिरंगा राखी निर्माण कार्यशालाएं एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह और सृजनात्मकता के साथ भाग लिया। राष्ट्र प्रेम से प्रेरित छात्र-छात्राओं ने तिरंगे रंगों से मनमोहक रंगोलियां बनाई, भारत के नक्शे, इंडिया गेट की आकृतियां, तिरंगा झूमर, ग्लोबल पोस्टर आदि का अत्यंत आकर्षक निर्माण किया।विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि इन गतिविधियों के माध्यम से न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच मिला, अपितु उनमें देश के प्रति प्रेम, सम्मान और कर्तव्यबोध की भावना भी सुदृढ़ हुई है। विद्यालय सभागारों में विशेष सभाओं का आयोजन कर छात्र-छात्राओं को राष्ट्र हित में कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।इस अवसर पर विद्यार्थियों का उत्साह देखने योग्य था। कार्यक्रमों के माध्यम से ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान की भावना को सजीव रूप प्रदान किया गया, जो यह दर्शाता है कि देश का भविष्य संकल्पित और जागरूक पीढ़ी के हाथों में सुरक्षित है।