नौ महीने से चल रहे सड़क निर्माण से रघुवीरपुरी के लोग परेशान
सड़क बनने के बाद भी साइड पटरी अधूरी, सड़क पर पड़े बिजली के तार बने हादसे का कारण

अलीगढ़। वार्ड 69 के मोहल्ला रघुवीरपुरी में पिछले करीब नौ महीने से चल रहे सड़क निर्माण कार्य के कारण स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण कार्य बेहद अव्यवस्थित तरीके से कराया जा रहा है। सड़क का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हुए भी काफी समय बीत चुका है, लेकिन साइड पटरी का निर्माण अभी तक अधूरा पड़ा हुआ है। इसके चलते राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रघुवीरपुरी के शिवपुरी चौराहे के निवासी अनिल वाष्णेय, गुप्ता ऑप्टिकल और तुषार वाष्णेय, गंगा शॉपिंग मार्ट के स्वामी ने बताया कि सड़क निर्माण शुरू हुए लगभग नौ महीने बीत चुके हैं। लंबे समय से निर्माण कार्य चलने के कारण क्षेत्र के व्यापारियों के कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि सड़क का निर्माण कई माह पहले हो गया, लेकिन सड़क के दोनों ओर साइड पटरी और अन्य जरूरी कार्य अधूरे छोड़ दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर जगह-जगह अव्यवस्था बनी हुई है। इसके अलावा बिजली के तार भी सड़क पर पड़े हुए हैं। इन तारों के कारण विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार दोपहिया वाहन चालक इन तारों से टकराकर गिर चुके हैं। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
दुकानदारों का कहना है कि सड़क और पटरी का निर्माण अधूरा होने से दुकानों के सामने आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्राहकों को भी दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होती है। बारिश के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाती है तथा कीचड़ और जलभराव के कारण राहगीरों को निकलने में मुश्किल होती है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। महापौर, नगर आयुक्त और क्षेत्रीय पार्षद योगेश सिंघल को भी मौखिक एवं लिखित रूप से समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरी तरह समाप्त कराया जाए, अधूरी साइड पटरी का निर्माण कराया जाए और सड़क पर पड़े बिजली के तारों को तत्काल हटवाया जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके तथा किसी संभावित हादसे को टाला जा सके।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नौ महीने से निर्माण कार्य चलने के बावजूद यदि मूलभूत कार्य अधूरे हैं तो संबंधित विभाग को इसकी समीक्षा कर जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदायी संस्था से जवाब लेना चाहिए। लोगों ने नगर निगम से जल्द कार्रवाई की मांग की है।



