अब्दुल्ला हॉल में छात्राओं का जोरदार प्रदर्शन
डाइनिंग हॉल के खाने को लेकर गेट पर प्लेट-चम्मच बजाकर जताया विरोध

aligarh breaking news
अलीगढ़, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अब्दुल्ला हॉल में डाइनिंग हॉल में परोसे जाने वाले खाने को लेकर छात्राओं ने सोमवार सुबह जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्राएं अब्दुल्ला हॉल के गेट पर एकत्रित हुईं और प्लेट व चम्मच बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना है कि डाइनिंग हॉल में मिलने वाले भोजन को लेकर उनकी कुछ समस्याएं और शिकायतें हैं, जिनका समाधान किया जाना आवश्यक है। छात्राओं ने अपनी मांगों को लेकर काफी देर तक गेट पर प्रदर्शन किया।
छात्राओं के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एएमयू प्रॉक्टोरियल टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची।फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्राओं के बीच बातचीत के माध्यम से मामले को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शन के चलते अब्दुल्ला हॉल परिसर में काफी देर तक हलचल बनी रही।



