राशन के चावल की कालाबाजारी का आरोप, सप्लाई विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल
अलीगढ़ के थाना देहली गेट क्षेत्र में पिछले तीन महीनों से सरकारी राशन के चावल की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया

अलीगढ़ के थाना देहली गेट क्षेत्र में पिछले तीन महीनों से सरकारी राशन के चावल की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक शिकायतकर्ता ने मंडलायुक्त (आयुक्त महोदय) को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।दरअसल पुरदिल नगर, सिकंदराराऊ (हाथरस) के मूल निवासी एवं हाल निवासी जलालपुर (अलीगढ़) गगन पुत्र नेम सिंह ने आयुक्त को दिए पत्र में आरोप लगाया है कि थाना देहली गेट क्षेत्र स्थित गंगा धर्म कांटा के बराबर बने एक गोदाम पर उदित नाम के व्यक्ति द्वारा बीते तीन माह से राशन के चावल की अवैध रूप से कालाबाजारी की जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने कुछ समय पहले भी इस मामले की शिकायत की थी, लेकिन सप्लाई विभाग के अधिकारियों ने कथित तौर पर सांठगांठ कर मामले को रफा-दफा कर दिया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। अब पीड़ित ने आयुक्त से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।



