अलीगढ़ में धूमधाम से मनेगी मिथिला नरेश महाराजाधिराज सर डॉ. कामेश्वर सिंह बहादुर की 119वीं जयंती
युवराज कपिलेश्वर सिंह एवं महारानी कविता कुमारी सिंह होंगे मुख्य अतिथि, ब्राह्मण समाज करेगा भव्य एवं जोशीला स्वागत

अलीगढ़। मैथिल ब्राह्मण महासभा (रजि.), अलीगढ़ के तत्वावधान में मिथिला की गौरवशाली परंपरा, ऐतिहासिक विरासत और जनसेवा के प्रतीक दरभंगा नरेश महाराजाधिराज सर डॉ. कामेश्वर सिंह बहादुर जी की 119वीं जयंती समारोह का आयोजन 29 नवंबर 2026 को रामलीला मैदान, अचल जीटी रोड, अलीगढ़ में अत्यंत धूमधाम, भव्यता और हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा।
समारोह में दरभंगा राजपरिवार के युवराज कपिलेश्वर सिंह एवं महारानी कविता कुमारी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर अलीगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के ब्राह्मण समाज में विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण है। समस्त ब्राह्मण समाज की ओर से युवराज एवं महारानी का भव्य, आत्मीय और जोशीला स्वागत किया जाएगा।
कार्यक्रम में अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम, शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर, विजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर प्रशांत सिंघल, एमएलसी मानवेन्द्र प्रताप सिंह गुरूजी,खंडौली ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा सहित दरभंगा के लोकप्रिय कवि मणिकांत झा पंजीकर, आलोक मिश्रा, मनोज शैली विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह का उद्देश्य केवल जयंती मनाना ही नहीं, बल्कि महाराज कामेश्वर सिंह बहादुर के व्यक्तित्व, कृतित्व, दानशीलता, शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और समाजसेवा के अतुलनीय योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। उनका जीवन त्याग, उदारता, विद्वत्ता और लोककल्याण की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस गौरवशाली अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इनमें पत्रकार, चिकित्सक, अधिवक्ता, उद्योगपति, समाजसेवी, आचार्य, कवि तथा प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इस सम्मान समारोह के माध्यम से समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनके योगदान को सार्वजनिक पहचान देने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। पत्रकार वार्ता में वीरेंद्र शर्मा भैया, महेंद्र पाल शास्त्री, राजकुमार शर्मा, राजू पंडित, मनोज शैली, विजय प्रकाश वत्स, नारायण दत्त शर्मा, विमल पाठक,महेश मिश्रा, सतेंद्र शर्मा, रामप्रकाश शर्मा, प्रदीप शर्मा, वीरेंद्र शर्मा बंटी, भूदत्त मिश्रा एवं दयाशंकर शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने आयोजन को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर ब्रह्मानंद क्रांतिकारी परिषद, राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा, गंगा सेवा समिति, हवन मंडल सेवा समिति एवं मैथिल ब्राह्मण एकता मंच सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों का सहयोग और सहभागिता रहेगी।
आयोजकों ने समस्त ब्राह्मण समाज, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, युवाओं एवं मातृशक्ति से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मिथिला की गौरवशाली परंपरा का साक्षी बनने तथा दरभंगा राजपरिवार के अतिथियों का भव्य स्वागत करने की अपील की है।*
यह आयोजन अलीगढ़ की धरती पर मिथिला की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आपसी आत्मीयता का एक यादगार उत्सव बनने जा रहा है।



