अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था का 22वाँ रक्तदान शिविर संपन्न,
136 यूनिट रक्त हुआ एकत्रित

अलीगढ़, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था, अलीगढ़ द्वारा आयोजित 22वें विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ समाजसेवी श्री अमित शेखर सर्राफ द्वारा किया गया।
संस्था ने बताया कि रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद एवं असहाय मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है, ताकि रक्त के अभाव में किसी भी व्यक्ति की जान न जाए। भीषण गर्मी के बावजूद रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानवता एवं सामाजिक सरोकार का परिचय दिया। मुख्य अतिथि श्री अमित शेखर सर्राफ ने संस्था द्वारा किए जा रहे मानवीय एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। शिविर में कुल 136 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसे जे.एन. मेडिकल कॉलेज रक्तकोष, अलीगढ़ एवं मलखान सिंह जिला अस्पताल रक्तकोष, अलीगढ़ को सुपुर्द किया गया, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा। इस अवसर पर हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन में किरण एक नया सवेरा संस्था एवं वी.वी.एस. राष्ट्रीय संगठन का भी सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके लिए संस्था ने दोनों संगठनों का आभार व्यक्त किया।
संस्था पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं मानव सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।



