हाथरस में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलेगा
शहर के मुख्य चौराहों की साफ-सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी

हाथरस में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलेगा। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने इसकी तैयारियों के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। अभियान तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। पहला चरण 8 अगस्त से शुरू होगा।इसमें विद्यालयों की दीवारों पर तिरंगा सजावट, तिरंगा प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता और तिरंगा राखी बनाने की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। बनाई गई राखियां पुलिस और सेना के जवानों को भेजी जाएंगी। दूसरा चरण 9 से 12 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान तिरंगा महोत्सव, मेला, म्यूजिकल कॉन्सर्ट, तिरंगा रैलियां और तिरंगे की बिक्री एवं वितरण का प्रबंधन किया जाएगा।तीसरा चरण 13 से 15 अगस्त तक होगा। इसमें शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर तिरंगा लाइटिंग और झंडारोहण किया जाएगा। साथ ही सेल्फी अपलोड की जाएंगी। जिलाधिकारी ने बताया कि झंडे का आकार आयताकार होना चाहिए। इसकी लंबाई और चौड़ाई का अनुपात 3×2 होना चाहिए। झंडा खादी, हाथ से कता हुआ कपड़ा, मशीन से बना कपड़ा, सूती, पॉलिएस्टर, ऊनी या सिल्क से बनाया जा सकता है। झंडे में सबसे ऊपर केसरिया, बीच में सफेद और नीचे हरा रंग होना चाहिए। सफेद पट्टी में 24 तीलियों वाला अशोक चक्र प्रिंट किया जाना चाहिए। झंडा उतारने के बाद इसे फेंकना निषेध है। फटा, कटा या आधा झुका झंडा लगाना भी निषेध होगा। शहर के मुख्य चौराहों की साफ-सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में सीडीओ, एडीएम, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे।