हाथरस

हाथरस रोडवेज बस स्टैंड पर जाम का कहर, ट्रांसपोर्टरों की मनमानी से जनता बेहाल

 रॉन्ग साइड ट्रक खड़ा करने से एक किलोमीटर लंबा जाम, एंबुलेंस भी फंसी

हाथरस में रोडवेज बस स्टैंड के आसपास जाम की समस्या अब आम जनता के लिए मुसीबत बनती जा रही है। सुबह से शाम तक रोडवेज बसों के कारण लगने वाला जाम लोगों का रास्ता रोक रहा है, तो वहीं नजदीकी ट्रांसपोर्ट कंपनियों के बाहर सड़क किनारे खड़े ट्रक इस समस्या को और गंभीर बना रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि सड़क पर जाम लगने और जनता के परेशान होने के बावजूद जिम्मेदारों की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आती।तस्वीर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की है, जहां एक ट्रक चालक ने रॉन्ग साइड से ट्रक लाकर रोडवेज बस के सामने खड़ा कर दिया। लोगों ने चालक से ट्रक हटाने और रास्ता देने की अपील की, लेकिन चालक अपनी जिद पर अड़ा रहा। नतीजा यह हुआ कि देखते ही देखते सड़क पर करीब एक किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया।जब परेशान लोगों ने इस मनमानी का विरोध किया, तो आरोप है कि ट्रांसपोर्टर और उसके लोगों ने जनता के साथ अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति पैदा हो गई।

सवाल यह है कि आखिर सार्वजनिक सड़क को अपनी निजी पार्किंग समझने वालों पर कार्रवाई कब होगी?सबसे गंभीर बात यह रही कि इस जाम में मरीज को आगरा लेकर जा रही एक एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही। सोचिए, अगर मरीज की हालत गंभीर हो और अस्पताल पहुंचने में देरी हो जाए, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? ट्रक चालक की जिद और सड़क पर अव्यवस्था किसी मरीज की जान पर भारी पड़ सकती थी।सवाल सीधे जिम्मेदारों से —* क्या रोडवेज बस स्टैंड के आसपास सड़क पर ट्रकों को खड़ा करने की अनुमति है? क्या यातायात पुलिस और प्रशासन को इस समस्या की जानकारी नहीं है? आखिर जनता को रोजाना जाम की सजा क्यों भुगतनी पड़े?हाथरस की जनता मांग कर रही है कि सड़क पर अवैध रूप से खड़े ट्रकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ट्रांसपोर्ट कंपनियों की मनमानी पर रोक लगे और रोडवेज बस स्टैंड के आसपास यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जाए। क्योंकि सड़क जनता के चलने के लिए है, किसी की मनमानी और दबंगई दिखाने के लिए नहीं!

हाथरस से मनोज शर्मा की रिपोर्ट

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!