अलीगढ़। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 28 लाख फार्म में से लगभग 24 लाख भरे गए
एक दिन में करीब चार लाख फार्म भरवाना चुनौती से कम नहीं ( क्या दो दिन मैं कार्य पूरा हो पायेगा ?)

अलीगढ़। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम तेजी से चल रहा है। इस काम को पूरा करने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर है। अभी 28 लाख फार्म में से लगभग 24 लाख भरे गए हैं। एक दिन में करीब चार लाख फार्म भरवाना चुनौती से कम नहीं है। रविवार को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अलीगढ़ में बैठक कर जनप्रतिनिधियों को युद्धस्तर पर इस काम में लगने के निर्देश दिए थे। जीत हासिल करने के लिए घर-घर जाकर अपनी जिम्मेदारी पर काम पूरा कराने के लिए चेताया था। इसका असर भी देखने को मिल रहा है। बीएलओ समेत विधायक, एमएलसी, पार्षद मिलकर बूथों पर मतदाताओं को फार्म भरवाने में जुटे रहे। नगला तिकोना क्षेत्र में केशव वाटिका के पास कोल विधायक अनिल पाराशर, एमएलसी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा पार्षद संजय पंडित एसआईआर के काम में लगे रहे। इनके काउंटर के पास लोगों की भीड़ लगी रही। एसआईआर के काम में जनता ही नहीं, बीएलओ को भी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। जनता बूथ पर जा रही है तो अपना नाम सूची में नहीं मिल रहा। बीएलओ के सामने चुनौती आ रही है कि दूसरे जिलों से आई बहू-बेटियां अपना मतदाता संबंधी रिकार्ड नहीं उपलब्ध करा पा रही हैं।



