अलीगढ़

मण्डलायुक्त ने जनता दर्शन में सुनी जनसमस्याएं, प्रथम बार में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश

जनशिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से निस्तारण की स्थिति व संतुष्टि की पुष्टि भी अनिवार्य रूप से की जाए

मण्डलायुक्त

अलीगढ़ मा0 मुख्यमंत्री जी एवं शासन की संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी प्राथमिकताओं के अनुरूप मण्डलायुक्त ओ.पी. आर्य द्वारा प्रतिदिन अपने कार्यालय कक्ष में प्रातः 10 बजे से जनता दर्शन एवं जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। इस दौरान मण्डलायुक्त प्रत्येक शिकायतकर्ता व फरियादी की समस्या को धैर्य, गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुन रहे हैं और संबंधित विभागों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के दिशा-निर्देश प्रदान कर रहे हैं।
जनसुनवाई के दौरान मण्डलायुक्त ने अलीगढ़ मण्डल के सभी चारों जिलों अलीगढ़, एटा, कासगंज व हाथरस के अधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे जनता दर्शन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त जनशिकायतों को अत्यंत गंभीरता से लें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त प्रत्येक शिकायत का प्रथम बार में ही शासन की मंशानुसार समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी खानापूर्ति या औपचारिक रिपोर्ट तक सीमित न रहे, बल्कि वास्तविक और स्थायी समाधान धरातल पर दिखना चाहिए।
मण्डलायुक्त ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से निस्तारण की स्थिति व संतुष्टि की पुष्टि भी अनिवार्य रूप से की जाए। इससे यह सुनिश्चित हो सकेगा कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें और लोगों का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो। मण्डलायुक्त ने दोहराया कि जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण को लेकर मा0 मुख्यमंत्री जी एवं शासन बेहद गंभीर हैं। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या विलंब कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!