निर्वाचन संबंधी हर जिज्ञासा का समाधान करेगा जिला संपर्क केंद्र, सुबह 8 से रात 8 बजे तक मिलेगी सुविधा
मतदाता सूची से लेकर मतदान केंद्र तक की जानकारी अब एक कॉल पर

अलीगढ़ भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं मतदाता अनुकूल बनाने के लिए जिले में जिला संपर्क केंद्र की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से आम नागरिक मतदाता सूची, मतदाता पहचान पत्र, मतदान केंद्र और निर्वाचन से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ ही अपनी समस्याओं एवं शिकायतों का समाधान भी करा सकते हैं। जिला संपर्क केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 1950 एवं 0571-1950 पर नागरिक प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। यह सुविधा सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के नेटवर्क पर उपलब्ध है। ऐसे में नागरिक किसी भी मोबाइल नेटवर्क अथवा सेवा प्रदाता के माध्यम से 0571-1950 पर कॉल कर निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस केंद्र के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम खोजने, नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा मतदाता पहचान पत्र बनवाने एवं डाउनलोड करने, मतदान केंद्र की जानकारी, मतदान की तिथि एवं समय और मतदान प्रक्रिया के संबंध में भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, निर्वाचन संबंधी शिकायतों के पंजीकरण एवं उनके निस्तारण एवं निर्वाचन आयोग की वेबसाइट, पोर्टल और मोबाइल एप के उपयोग से जुड़ी सहायता भी इस केंद्र के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि जिला संपर्क केंद्र में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित कार्मिकों की तैनाती की गई है। इन्हें निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि प्रत्येक कॉल का शिष्टतापूर्वक उत्तर देते हुए नागरिकों को सही जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से मतदाताओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि निर्वाचन संबंधी किसी भी जिज्ञासा, जानकारी अथवा शिकायत के लिए जिला संपर्क केंद्र की हेल्पलाइन 1950 या 0571-1950 पर संपर्क करें और इस सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं।



