अलीगढ़

जनगणना-2027 की तैयारियों को गति, अलीगढ़ में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

सटीक आंकड़ों के लिए अधिकारियों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण

अलीगढ़ : जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिले में प्रशासन ने सक्रिय कदम उठाते हुए फील्ड ट्रेनर्स के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विवेकानंद कॉलेज ऑफ इंस्टीट्यूट के सभागार में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विभागों के 130 फील्ड ट्रेनर्स ने प्रतिभाग किया।प्रशिक्षण के प्रथम दिवस जिलाधिकारी संजीव रंजन ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सबसे व्यापक प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार की विकास योजनाएं और नीतियां तैयार की जाती हैं। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझें, ताकि जनगणना कार्य को पूरी पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जा सके।जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रमोद कुमार ने कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में बताई जा रही सभी प्रक्रियाओं, प्रपत्रों और तकनीकी पहलुओं को भली-भांति आत्मसात करें, जिससे फील्ड स्तर पर कार्य के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न आए।प्रशिक्षण के दौरान सहायक निदेशक जनगणना कुमार सत्यम, मास्टर ट्रैनर मनुभाई झा, एडीएसटीओ गनवीर सिंह और सांख्यिकी अनुदेशक हिमानी द्वारा प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, डाटा संकलन की विधि, प्रपत्रों के सही उपयोग और फील्ड स्तर पर अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को जनगणना के विभिन्न चरणों, डिजिटल डाटा संकलन, सत्यापन प्रक्रिया और आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने के तरीकों के बारे में भी विस्तार से बताया गया, ताकि आगामी जनगणना को प्रभावी और सफल बनाया जा सके। एडीएम वित्त ने बताया कि यह प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार एवं शनिवार को भी आयोजित होगा। दूसरा प्रशिक्षण 16 मार्च से आरंभ होकर 18 मार्च तक चलेगा।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!