अलीगढ़

खराब मक्का पर प्रशासन सख्त, वितरण से पहले ही बदलवाई जा रही आपूर्ति

लाभार्थियों को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण राशन, खराब मक्का बदलने की कार्रवाई तेज

अलीगढ़  : जनपद में राशन वितरण से पूर्व खाद्यान्न की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कुछ राशन दुकानों पर मक्का की गुणवत्ता को लेकर शिकायत मिलने पर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित दुकानों पर पहुँची मक्का की जाँच कर उसे बदलवाने की कार्रवाई शुरू करा दी है, ताकि लाभार्थियों तक किसी भी स्थिति में खराब गुणवत्ता का खाद्यान्न न पहुँचे।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी मोनिका माहेश्वरी ने बताया कि मार्च के लिए खाद्यान्न का रिलीज ऑर्डर भारतीय खाद्य निगम से 16 फरवरी को प्राप्त हुआ था, जिसके बाद 17 फरवरी से खाद्यान्न का उठान शुरू कर दिया गया। माह के प्रारंभ में होली के अवकाश और बाद में श्रमिकों की कमी के कारण उठान की गति प्रभावित हुई, जिसके चलते शासन द्वारा खाद्यान्न उठान की अंतिम तिथि 15 मार्च तक बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद में गेहूँ और चावल के साथ-साथ बाजरा एवं मक्का का भी उठान किया जा रहा है। अधिक जिन्सों के एक साथ उठान के कारण ट्रकों की अतिरिक्त व्यवस्था और अनलोडिंग में अधिक समय लग रहा है। इसके बावजूद विभाग द्वारा निरंतर प्रयास करते हुए 12 मार्च तक जनपद के सभी ब्लॉकों में लगभग 60 प्रतिशत से अधिक खाद्यान्न का उठान पूरा कर लिया गया है।
धनीपुर ब्लॉक के नगर क्षेत्र की कुछ दुकानों पर मक्का की गुणवत्ता को लेकर शिकायत संज्ञान में आने पर विभागीय टीमों को मौके पर भेजकर जाँच और संबंधित दुकानों पर पहुँची मक्का को बदलवाने की कार्रवाई भी कराई जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभी तक उक्त मक्का का लाभार्थियों में वितरण नहीं किया गया है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने यह भी बताया कि शेष खाद्यान्न उठान को समय से पूरा करने के लिए अवकाश के दिनों में भी डिपो खुलवाकर कार्य कराया जा रहा है। शासन द्वारा निर्धारित विस्तारित अवधि के भीतर उठान कार्य पूर्ण करते हुए सभी दुकानों पर गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि पात्र लाभार्थियों को बिना किसी असुविधा के राशन मिल सके।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!