हाथरस

नव निर्माणाधीन सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध कार्य के निर्देश

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मुख्य विकास अधिकारी के साथ स्थलीय निरीक्षण किया

हाथरस, 16 मार्च, 2026 (सूचना विभाग)। विकासखंड मुरसान के वर्धवारी में सीएसआर फंड के अंतर्गत लगभग 500 विद्यार्थियों के अध्ययन हेतु निर्माणाधीन सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय का जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मुख्य विकास अधिकारी के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए शेष कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की, जो संतोषजनक पाई गई। साथ ही अब तक मुक्त धनराशि के सापेक्ष कार्य की प्रगति भी संतोषजनक पाई गई। उन्होंने निर्देश दिए कि वर्तमान में उपलब्ध धनराशि के अंतर्गत शेष कार्यों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी प्राप्त हुई कि विद्यालय निर्माण हेतु उपलब्ध भूमि पर कुछ अराजक तत्वों द्वारा अवैध कब्जे का प्रयास किया गया था। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि तहसील स्तरीय टीम को मौके पर भेजकर नजरी नक्शे के आधार पर पुनः पैमाइश कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि विद्यालय की भूमि पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा पाया जाता है तो नियमानुसार उसे तत्काल खाली कराया जाए।
मौके पर उपस्थित कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों को जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता मानकों के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने परिसर में स्थित विद्यालय को बाउंड्री वॉल के अंदर सम्मिलित करने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो तथा विद्यालय परिसर सुरक्षित एवं व्यवस्थित बना रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!