हाथरस में चोरी का खुलासा न होने पर बर्बादी की कगार पर पहुंचे दम्पति ने दी आत्मदाह की धमकी
घटना को एक महीना बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली

जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला कोटा रोड स्थित बलदेव नगर का है, जहां 15 फरवरी को वीरेंद्र पाराशर के घर चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए।घटना को एक महीना बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि लगातार थाने और चौकी के चक्कर काटने के बावजूद उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। परिवार का कहना है कि इस चोरी ने उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह से तोड़ दी है और वे बर्बादी के कगार पर पहुंच चुके हैं।गौरतलब है कि हाथरस जनपद में चोरी की ऐसी सैकड़ों घटनाएं सामने आ चुकी हैं,
लेकिन अधिकांश मामलों में पुलिस खुलासा करने में नाकाम रही है। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठना लाजिमी है।सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि निराश और परेशान पीड़ित परिवार ने अब आत्मदाह की चेतावनी दे दी है। परिवार का कहना है कि जब सब कुछ लुट गया और न्याय की उम्मीद भी खत्म हो रही है, तो जीने का कोई मतलब नहीं बचता।अब बड़ा सवाल यह है कि क्या हाथरस पुलिस समय रहते इस मामले का खुलासा कर पाएगी? क्या पीड़ित परिवार को उनका हक और न्याय मिल सकेगा? या फिर यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा फिलहाल पूरे मामले पर सभी की निगाहें टिकी हैं और लोग पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।



