अलीगढ़

नए सत्र में गुणवत्ता और नामांकन पर फोकस, हर ब्लॉक में 5000 नए बच्चों का लक्ष्य

स्कूल चलो अभियान को भव्य बनाने के निर्देश, प्रार्थना सभा और पीटीएम अनिवार्य

अलीगढ़ : जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित योजनाओं की मासिक समीक्षा एवं जनपदीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए शैक्षणिक सत्र को लेकर गुणवत्ता सुधार, नामांकन वृद्धि और व्यवस्थागत सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारियों एवं निपुण टीम को निर्देशित किया कि नए सत्र में शैक्षणिक गुणवत्ता सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों के सभी सेवा देयकों का समय से भुगतान सुनिश्चित करने के साथ विद्यालयों में नामांकन लक्ष्य निर्धारित कर प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा एवं अभिभावक-शिक्षक बैठक को नियमित रूप से संचालित करने को अनिवार्य बताया।उन्होंने निर्देश दिए कि “स्कूल चलो अभियान” का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से भव्य रूप में किया जाए और प्रत्येक खंड शिक्षा अधिकारी अपने-अपने ब्लॉक में न्यूनतम 5000 नए बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करें।मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने जिला स्तरीय टीम गठित कर विभिन्न ऑब्जेक्टिव पैरामीटर पर प्रतियोगिताएं आयोजित करने, ब्लॉक स्तर की बैठकों की सघन मॉनिटरिंग करने तथा छात्र-शिक्षक अनुपात के अनुरूप शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने पर भी जोर दिया।निपुण टीम के प्रतिनिधि नितिन ने बताया कि “स्कूल चलो अभियान” के लिए गतिविधियों, जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यक्रमों का विस्तृत रोस्टर तैयार कर लिया गया है, जिससे अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।बैठक में पीएम श्री योजना, पीएम पोषण अभियान, नवभारत साक्षरता कार्यक्रम, समग्र शिक्षा, निर्माण कार्य, अतिरिक्त कक्षों की व्यवस्था, पुनर्निर्माण, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान, टीएलएम, सामुदायिक सहभागिता, समेकित शिक्षा, पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता, ऑपरेशन कायाकल्प तथा सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के लिए भूमि चिन्हांकन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सभी खंड शिक्षा अधिकारी और डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!