अलीगढ़

औद्योगिक आस्थान ख्यामई से जुड़ी परियोजनाओं को मिली स्वीकृति, मंडल में निवेश के लिए बनेगा बेहतर माहौल

ख्यामई में सड़क, बिजली और बुनियादी ढांचे से उद्योगों को मिलेगा संबल

अलीगढ़ : आयुक्त अलीगढ़ मंडल अलीगढ़ संगीता सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में आयोजित मंडलीय उद्योग बंधु बैठक में क्षेत्रीय औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण और निवेश अनुकूल माहौल को और मजबूत बनाने पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि सरकार की प्राथमिकता उद्यमियों को सुगम, सुरक्षित और सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराते हुए निवेश को प्रोत्साहित करना है।बैठक में जानकारी दी गई कि सोमना-खैय्यामई सड़क चौड़ीकरण परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है, जो क्षेत्रीय औद्योगिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्य अभियंता विद्युत अरविंद नायक ने बताया कि मार्ग में बाधा बन रहे विद्युत खंभों को हटाने का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही खैय्यामई में 132 केवीए विद्युत केंद्र की स्थापना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, जिससे उद्योगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। वन विभाग को निर्देशित किया गया है कि सड़क चौड़ीकरण में अवरोध उत्पन्न कर रहे वृक्षों के संबंध में आवश्यक एनओसी शीघ्र प्रदान करें। लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि परियोजना के लिए आवश्यक धनराशि संबंधित विभाग को उपलब्ध करा दी गई है।आयुक्त संगीता सिंह ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए औद्योगिक इकाइयों में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हाल की कुछ घटनाओं से सबक लेते हुए उद्योग संचालकों को श्रमिकों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ सतत संवाद बनाए रखना चाहिए, जिससे किसी भी प्रकार की समस्या का समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने श्रमिकों को समय पर पारिश्रमिक भुगतान, बीमा सुविधा उपलब्ध कराने और श्रमिक कल्याण से जुड़े प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।उद्यमियों ने आश्वस्त किया कि अलीगढ़ मंडल में औद्योगिक वातावरण पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक है। यहां अधिकांश श्रमिक स्थानीय निवासी हैं, जिससे उद्योगों में स्थायित्व एवं समन्वय बना हुआ है। उन्होंने एलपीजी की उपलब्धता को संतोषजनक बताया और ईएसआई अस्पताल में पंजीकृत श्रमिकों को सरल एवं प्रभावी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।बैठक का संचालन करते हुए संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार ने बताया कि तालानगरी स्थित बीएसएनएल भवन में शीघ्र ही ईएसआई डिस्पेंसरी स्थापित की जाएगी, जिससे श्रमिकों को कार्यस्थल के निकट ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। बैठक में सर्वेश्वर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, हाथरस की बैंक गारंटी के संबंध में आयुक्त द्वारा जिलाधिकारी हाथरस से वार्ता की गई, जिसमें शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। निर्यात संवर्धन के दृष्टिगत आयुक्त ने एटा, हाथरस एवं कासगंज के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जनपदों के निर्यातकों एवं उद्यमियों से विदेशी भाषाओं अंग्रेजी, रूसी, फ्रेंच एवं जर्मन के प्रशिक्षण संबंधी प्रस्ताव प्राप्त कर प्रस्तुत करें, ताकि अंतरराष्ट्रीय व्यापार के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाया जा सके।
निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा के दौरान अलीगढ़ में 2, एटा में 4, हाथरस में 7 एवं कासगंज में 1 सहित कुल 14 प्रकरण लंबित पाए गए। आयुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे निवेशकों का विश्वास और सुदृढ़ हो। बैठक में जिलाधिकारी संजीव रंजन, एसडीएम गभाना हरिश्चंद्र, सभी जिलों से उपायुक्त उद्योग, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, आरएम यूपीएसआईडीसी, मुख्य अभियंता लोक निर्माण, एलडीएम समेत अन्य अधिकारी एवं उद्यमी गण उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!