अलीगढ़

खैर में नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम: 33 प्रतिशत भागीदारी के लक्ष्य के साथ योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

विकास खंड खैर के सभागार में नारी सशक्तिकरण को समर्पित एक प्रभावशाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया,

अलीगढ़ : विकास खंड खैर के सभागार में नारी सशक्तिकरण को समर्पित एक प्रभावशाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नारी वंदन अधिनियम की भावना के अनुरूप महिलाओं की प्रत्येक क्षेत्र में 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनजागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष चौधरी कृष्णपाल सिंह एवं राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती मीना कुमारी उपस्थित रहीं। इनके साथ श्रीमती राम सखी कठेरिया, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, श्रीमती सत्या सिंह डायरेक्टर एलडीबी, श्रीमती सरिता माहेश्वरी जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा एवं श्री हरिशंकर गौड़ उपाध्यक्ष ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। नारी वंदन अधिनियम इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी प्रदान करेगा। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, मनरेगा की महिला मेट, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अन्य महिला प्रतिभागियों को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय राशन कार्ड धारक महिलाओं को समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाओं में प्राथमिकता, तथा मनरेगा में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता ही वास्तविक सशक्तिकरण का आधार है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल अपनी आय बढ़ा रही हैं, बल्कि सामाजिक बदलाव की भी सशक्त वाहक बन रही हैं। सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र महिला तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और वह आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा में अपनी सशक्त भूमिका निभाए।
कार्यक्रम में महिलाओं से जुड़े सभी कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा उन्हें जागरूक करते हुए बताया गया कि वे किस प्रकार इन योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बना सकती हैं। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को जागरूक एवं सशक्त बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!