किसी भी हाल में बाधित न हो बच्चों का भोजन, बीएसए व खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़े निर्देश
त्वरित कार्रवाई से दूर हुई बाधाएं, निगरानी और आपूर्ति तंत्र हुआ मजबूत

– डीएम, अविनाश कुमार
अलीगढ़: जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार एवं सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी परिस्थिति में मध्याह्न भोजन योजना बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में गैस सिलेंडर की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए, वैकल्पिक व्यवस्था केवल आपात स्थिति में ही अपनाई जाए और उसकी भी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रत्येक विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समयबद्धता की नियमित निगरानी की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गैस एजेंसियों के साथ समन्वय मजबूत कर आपूर्ति श्रृंखला को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना को लेकर व्यवस्थाएं अब पूर्णतः पटरी पर हैं और अधिकांश विद्यालयों में गैस चूल्हों पर नियमित रूप से भोजन तैयार किया जा रहा है। जहां कहीं आपूर्ति संबंधी अस्थायी बाधाएं आई थीं, वहां प्रशासन द्वारा त्वरित हस्तक्षेप कर व्यवस्थाएं शीघ्र सामान्य करा दी गई हैं, जिससे बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ विद्यालयों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति में अल्पकालिक व्यवधान उत्पन्न हुआ था, लेकिन विभागीय समन्वय से इसे तुरंत दूर करते हुए गैस की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। वर्तमान में सभी चिन्हित विद्यालयों में नियमित रूप से गैस आधारित भोजन ही तैयार किया जा रहा है और बच्चों को समय पर भोजन मिल रहा है।
जनपद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक छात्र को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में निगरानी तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाया गया है, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो और बच्चों के पोषण स्तर में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
—-



