अलीगढ़

आरबीएसके योजना से मिली नई जिंदगी, जन्मजात हृदय रोग से स्वस्थ हुआ नन्हा हुनैन

अलीगढ़ ब्लॉक अतरौली के मोहल्ला चौधरीयान निवासी 4 वर्षीय हुनैन जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित था

अलीगढ़ ब्लॉक अतरौली के मोहल्ला चौधरीयान निवासी 4 वर्षीय हुनैन जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित था। बीमारी के कारण उसे सांस लेने में काफी परेशानी होती थी, वह अन्य बच्चों की तुलना में कमजोर था और उसका वजन भी नहीं बढ़ रहा था। बेटे की बिगड़ती हालत को देखकर पिता इशरत अली और माता सना खान बेहद चिंतित रहते थे। उन्होंने उसके इलाज के लिए अलीगढ़ और दिल्ली के कई अस्पतालों में परामर्श लिया, लेकिन कहीं भी संतोषजनक उपचार नहीं मिल सका। इलाज में काफी धनराशि खर्च होने के बावजूद बच्चे की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं आया, जिससे पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो गया।
इसी दौरान एक निजी चिकित्सक ने उन्हें राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की जानकारी दी। आरबीएसके टीम ने परिवार का मार्गदर्शन किया और उनके सहयोग से जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ में हुनैन का निःशुल्क उपचार कराया गया। उपचार के बाद बच्चे के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ और वह सामान्य जीवन की ओर लौटने लगा।
पिता इशरत अली कहते हैं, हमने बेटे के इलाज के लिए बहुत संघर्ष किया, लेकिन आरबीएसके टीम ने हमारी सबसे बड़ी चिंता दूर कर दी। आज हमारा बच्चा स्वस्थ है, इसके लिए हम पूरी टीम के आभारी हैं। वहीं माता सना खान भावुक होकर कहती हैं, जब बेटे को तकलीफ होती थी तो रातों की नींद उड़ जाती थी। अब उसे स्वस्थ देखकर बहुत खुशी होती है। आरबीएसके हमारे परिवार के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!