विश्व पूरक आहार दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
अलीगढ़, विश्व पूरक आहार दिवस के अवसर पर भारतीय शिशु अकादेमी की अलीगढ़ शाखा ने मोहनलाल गौतम महिला चिकित्सालय में एक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया

अलीगढ़, विश्व पूरक आहार दिवस के अवसर पर भारतीय शिशु अकादेमी की अलीगढ़ शाखा ने मोहनलाल गौतम महिला चिकित्सालय में एक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिशुओं एवं छोटे बच्चों में समय पर, सुरक्षित एवं पौष्टिक पूरक आहार की आवश्यकता के प्रति अभिभावकों एवं आमजन को जागरूक करना था।
कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि जन्म से छह माह तक शिशु को केवल माँ का दूध दिया जाना चाहिए तथा छह माह की आयु पूर्ण होने के बाद माँ के दूध के साथ-साथ घर पर उपलब्ध पौष्टिक एवं संतुलित पूरक आहार प्रारंभ करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सही समय पर पूरक आहार शुरू करने से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायता मिलती है तथा कुपोषण की समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है।
इस अवसर पर माताओं एवं परिजनों को घर में आसानी से तैयार किए जा सकने वाले पौष्टिक पूरक आहार जैसे दाल-चावल की खिचड़ी, दलिया, सूजी की खीर, मौसमी फल एवं हरी सब्जियों से बने व्यंजनों की जानकारी दी गई। साथ ही पूरक आहार की मात्रा, गुणवत्ता, स्वच्छता तथा भोजन की आवृत्ति के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित माताओं के साथ संवाद स्थापित कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा बच्चों के बेहतर पोषण हेतु संतुलित आहार अपनाने का संदेश दिया गया। सभी प्रतिभागियों ने बच्चों को स्वस्थ एवं कुपोषण-मुक्त बनाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा जनसामान्य से बच्चों के पोषण संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने में सहयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ तैयब खान, अकादमी के अध्यक्ष डॉ प्रदीप बंसल, सचिव डॉ अभिषेक शर्मा, डॉ द्विवेदी, डॉ संजीव कुमार, डॉ डी के अग्रवाल, डॉ पी के शर्मा, डॉ अरुण कुमार, डॉ किशोर माथुर, डॉ नीलम मान्धार उपस्थित रहे l



