रोटा वायरस वैक्सीन की आपूर्ति बहाल, अब कोई बच्चा टीकाकरण से नहीं रहेगा वंचित
सीएमओ बोले, 20 हजार डोज प्राप्त होते ही सभी सीएचसी-

अलीगढ़: राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के तहत बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए रोटा वायरस वैक्सीन की आपूर्ति पुनः सुचारु हो गई है। जिले में उपलब्ध स्टॉक समाप्त होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल राज्य मुख्यालय को इसकी सूचना भेजी थी। त्वरित कार्रवाई के फलस्वरूप 24 जून को जिले के लिए रोटा वायरस वैक्सीन की 20 हजार डोज उपलब्ध करा दी गईं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने बिना विलंब किए आवश्यकतानुसार सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीन की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आर एन सिंह ने बताया कि सभी चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत पात्र सभी बच्चों का नियमानुसार रोटा वायरस टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।वर्तमान में जिले में नियमित टीकाकरण अभियान पूरी गति से संचालित किया जा रहा है और सभी पात्र बच्चों को टीकाकरण का लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग वैक्सीन की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखता है। किसी भी वैक्सीन का स्टॉक समाप्त होने से पूर्व ही उसकी आवश्यकता का आकलन कर राज्य एवं मंडलीय मुख्यालय को समय रहते मांग भेज दी जाती है, जिससे टीकाकरण कार्यक्रम प्रभावित न हो और आमजन को निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है, ताकि प्रत्येक बच्चे को जीवनरक्षक टीकों का समय पर लाभ मिल सके और उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।



