अलीगढ़

संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी निस्तारण के दिए निर्देश

शिकायतों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराएं अधिकारी, प्रत्येक प्रकरण की हो प्रभावी मॉनिटरिंग

अलीगढ़  जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने तहसील इगलास में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। अधिकारियों ने फरियादियों को सम्मानपूर्वक बैठाकर एक-एक शिकायत सुनी और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में 44 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना और उनका निस्तारण दर्ज करना नहीं, बल्कि पीड़ित व्यक्ति को वास्तविक राहत दिलाना है। अधिकारी प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता एवं गंभीरता से लेते हुए उसके मूल कारणों का समाधान करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। निस्तारण की गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।पैमाइश से संबंधित विभिन्न प्रकरणों के स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित पक्षों को राजस्व संहिता की धारा-24 के अंतर्गत एसडीएम न्यायालय में वाद दाखिल कराकर विधिक प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपसी विवाद एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों में संबंधित पक्ष थाना समाधान दिवस में भी उपस्थित होकर अपनी समस्या रखें, जिससे राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई से विवादों का स्थायी समाधान कराया जा सके। राष्ट्रीय महत्व के जनगणना कार्य की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने चार्ज अधिकारी के दायित्वों का निर्वहन कर रहे अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत इगलास बृजेन्द्र चौधरी की अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय महत्व के कार्यों एवं शासकीय दायित्वों के निर्वहन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस में बिना पंजीकरण प्राप्त हो रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने तहसीलदार ललित नारायण प्रशांत को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का अनिवार्य रूप से पंजीकरण किया जाए, ताकि आवेदन की स्थिति एवं निस्तारण की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग हो सके और कोई भी शिकायत अनदेखी न रह जाए। इसी क्रम में हल्का लेखपाल गहलऊ विपिन कुमार चौधरी द्वारा खतौनी में नाम संशोधन की प्रक्रिया में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण प्राप्त करते हुए उप जिलाधिकारी को विभागीय जांच संस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य से जुड़े राजस्व अभिलेखों में त्रुटियों का समयबद्ध सुधार किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी निर्धारित की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ करें। जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और प्रत्येक फरियादी को उसकी समस्या के समाधान का भरोसा धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
सम्पूर्ण समधान दिवस में ग्राम मनीपुर के राजवीर सिंह ने अतिक्रमण हटाने के संबंध में, नगला बिरखू के विवेक वार्ष्णेय ने कब्जामुक्ति, नगला जसवार के अश्वेय ने भूमि से अनाधिकार कब्जा हटाए जाने, नगला ताऊ के नीरज ने अन्त्योदय कार्ड बनाए जाने, बलीपुर के राजवीर ने मेड़ काटने की शिकायत की, वहीं नगला मिशरिया के योगेश कुमार ने चकरोड का चिन्हांन व मिट्टी का कार्य कराए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्धता से गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!