अलीगढ़

निर्यातकों और पारंपरिक कारीगरों के लिए सुनहरा अवसर

राज्य निर्यात पुरस्कार एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना हेतु आवेदन आमंत्रित

अलीगढ़ : जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र के उपायुक्त उद्योग एस.पी. यादव ने जिले के निर्यातकों एवं पारंपरिक कारीगरों का आह्वान करते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य निर्यात पुरस्कार योजना के अंतर्गत पात्र निर्यातक इकाइयों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के लिए वही इकाइयाँ पात्र होंगी, जो निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो, उत्तर प्रदेश में ऑनलाइन पंजीकृत हैं एवं जिन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में प्रत्येक वर्ष पृथक-पृथक न्यूनतम 30 लाख रुपये का निर्यात किया हो। उन्होंने बताया कि निर्धारित प्रारूप पर आवेदन पत्र आवश्यक अभिलेखों सहित 15 जुलाई, 2026 तक जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, अलीगढ़ में जमा करना अनिवार्य है, ताकि सभी आवेदन समय से निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को प्रेषित किए जा सकें।उपायुक्त उद्योग ने बताया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत नाई, बढ़ई, कुम्हार, हलवाई, दर्जी, लोहार, राजमिस्त्री, सुनार, मोची एवं धोबी सहित पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कुशल, अकुशल, उद्यमी एवं कारीगरों के लिए 10 दिवसीय निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत पात्र लाभार्थियों को उनके व्यवसाय के अनुरूप आधुनिक टूलकिट भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपने रोजगार को और अधिक सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बना सकें। उन्होंने बताया कि योजना में आवेदन के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा आधार कार्ड होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी  msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, अलीगढ़ कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। उपायुक्त उद्योग एस.पी. यादव ने जनपद के सभी पात्र निर्यातकों एवं पारंपरिक कारीगरों से अपील की है कि वे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाते हुए समय से आवेदन करें और प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे प्रोत्साहन एवं स्वरोजगार सशक्तीकरण के अवसरों का लाभ प्राप्त करें।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!